Home rss world hindi UAE के रास अल खैमाह में बस-ट्रक टक्कर: भारतीयों समेत 13 की...

UAE के रास अल खैमाह में बस-ट्रक टक्कर: भारतीयों समेत 13 की मौत, 14 घायल

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में मंगलवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि रास अल खैमाह में मंगलवार तड़के हुई एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इसकी पुष्टि की है और परिवारों से संपर्क कर मदद शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि इस हादसे में कितने भारतीय मारे गए या घायल हुए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

यूएई के गृह मंत्रालय और रास अल खैमाह पुलिस के अनुसार, हादसा अल वतन रोड (साउथर्न रिंग रोड क्षेत्र) पर हुआ। एक यात्री बस, जिसमें 41 लोग सवार थे, सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक में खराबी आ गई थी, जिस कारण वह सड़क किनारे खड़ा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग मौके पर ही जान गंवा बैठे। शुरुआत में 11 लोगों की मौत की खबर आई थी। बाद में अस्पताल में गंभीर रूप से घायल दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे कुल मौतों की संख्या 13 हो गई। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

क्या बोला भारतीय दूतावास?

वहीं, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रास अल खैमाह में हुए हादसे में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की जान चली गई है। दूतावास ने आगे कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद देने का काम कर रहा है। आगे बताया कि मदद के लिए 24 घंटे का टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 जारी किया गया है।

फुजैराह हादसे के कुछ दिनों बाद यह घटना

बता दें कि यह हादसा यूएई में हाल ही में हुए एक और बड़े सड़क हादसे के कुछ दिनों बाद हुआ है। फुजैराह में 13 नवंबर के आसपास कई गाड़ियों की टक्कर में 14 लोगों की मौत हो गई थी। उनमें 4 भारतीय भी शामिल थे। उस दुर्घटना में ट्रकों समेत कुल 23 गाड़ियां शामिल थीं और 30 लोग घायल हुए थे। घायलों में 7 भारतीय नागरिकों के साथ-साथ यूएई, जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान और ब्राजील के लोग भी थे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN