Home rss sports hindi हेगली ओवल की पिच को लेकर कीवी खिलाड़ी मैट हेनरी ने दिया...

हेगली ओवल की पिच को लेकर कीवी खिलाड़ी मैट हेनरी ने दिया बयान, कहा – हम पहले से कोई अनुमान नहीं लगाने वाले

3
0

Source :- KHABAR INDIATV

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंग्टन के स्टेडियम में खेला गया जो ड्रॉ पर खत्म हुआ। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसको पिच को लेकर सभी की नजरें सबसे ज्यादा टिकी हुई हैं। दरअसल वेलिंग्टन टेस्ट मैच में बल्लेबाजों का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला था, जिसमें पांचों दिन का खेल मिलाकर जहां कुल 24 विकेट गिरे थे तो वहीं टीम इंडिया ने टेस्ट इतिहास में अपना घर से बाहर सबसे बड़ा पारी स्कोर 720 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी। अब हेगली ओवल में होने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले से पहले कीवी टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी का पिच को लेकर बड़ा बयान सामने आया है।

हम पहले से ही पिच को लेकर किसी तरह का अनुमान नहीं लगाएंगे

मैट हेनरी ने क्राइस्टचर्च टेस्ट से पहले 25 नवंबर को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पिच को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि मुझे लगता है कि हर मैच अलग होता है और जिस पिच पर आप खेलते हैं, वह भी थोड़ी अलग होती है। हाल के दिनों में यहां काफी रन बने हैं। इसलिए हमारे लिए बेहतर यही होगा कि हम पहले से ही पिच कैसी होगी, इसका अंदाजा लगाने की कोशिश न करें। पिच को सही से पढ़ना अपने आप में एक कला है। मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड में आम तौर पर, जब विकेट पर घास होती है, तो वह समय के साथ और बेहतर होते जाते हैं और यहां भी ऐसा ही हुआ है। यह बल्लेबाजी के लिए एक अच्छी जगह है। जाहिर है, जब विकेट पर बाउंस होता है, तो यह गेंदबाजों के लिए अच्छा होता है, लेकिन बल्लेबाजी के नजरिए से देखें तो आप यहां तेजी से रन भी बना सकते हैं।

यह एक ऐसी जगह है जहां मुझे क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है

क्राइस्टचर्च का हेगली ओवल स्टेडियम मैट हेनरी का घरेलू मैदान भी है जहां उन्होंने काफी क्रिकेट खेला है। इसको लेकर हेनरी से सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब आप अपने घरेलू मैदान पर खेलते हैं, जहां आपने पहले भी काफी क्रिकेट खेला हो तो आपको एक तरह का सुकून मिलता है। आप मैदान को अच्छी तरह से जानते हैं और बाकी चीजों से भी वाकिफ होते हैं और हां, यहां क्रिकेट खेलना हमेशा से शानदार रहा है, यह एक ऐसी जगह है जहां मुझे क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है।

ये भी पढ़ें

‘हम सब जानते थे कि क्या चल रहा है’, कमिंस के व्यक्तिगत हमले के बाद सामने आया उस्मान ख्वाजा का बयान

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का जलवा, जसप्रीत बुमराह ने भी मारी लंबी छलांग

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV