Home rss business hindi Jet Airways के पूर्व कर्मचारियों को मिलेगा उनका हक, ग्रेच्युटी और PF...

Jet Airways के पूर्व कर्मचारियों को मिलेगा उनका हक, ग्रेच्युटी और PF के 480 करोड़ रुपये चुकाने का आदेश

3
0

Source :- KHABAR INDIA TV

करीब सात साल से अपने मेहनत के पैसे का इंतजार कर रहे जेट एयरवेज (Jet Airways) के पूर्व कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) ने बंद हो चुकी एयरलाइन के कर्मचारियों को 480 करोड़ रुपये का बकाया ग्रेच्युटी और प्रोविडेंट फंड (PF) ब्याज समेत देने का आदेश दिया है। खास बात यह है कि इस रकम का भुगतान अगले दो हफ्तों के भीतर करना होगा। इस फैसले से उन कर्मचारियों को राहत मिली है, जो लंबे समय से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे थे।

NCLAT ने गुरुवार को जेट एयरवेज के लिक्विडेटर को आदेश दिया कि वह पात्र कर्मचारियों को उनका बकाया ग्रेच्युटी और PF का पैसा ब्याज समेत चुकाए। आदेश के मुताबिक, ग्रेच्युटी की रकम सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। वहीं, PF का पैसा संबंधित प्रोविडेंट फंड कार्यालय के जरिए कर्मचारियों के खातों में जमा कराया जाएगा। हालांकि, अभी NCLAT के आदेश की विस्तृत कॉपी आना बाकी है। इसके बाद भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया और अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

सात साल की कानूनी लड़ाई के बाद मिली राहत

जेट एयरवेज के कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ी जीत माना जा रहा है। वे पिछले सात साल से अपने बकाये की मांग कर रहे थे। इससे पहले 30 जून को NCLAT ने कहा था कि एयरलाइन के कर्मचारियों को पूरा PF और ग्रेच्युटी मिलना चाहिए, भले ही कंपनी ने इन मदों के लिए अलग से फंड नहीं बनाया हो। इस मामले में SBI समेत कई वित्तीय संस्थानों ने अपील की थी। उनका तर्क था कि कर्मचारियों का बकाया पैसा भी कंपनी की लिक्विडेशन संपत्ति का हिस्सा माना जाना चाहिए। हालांकि, NCLAT ने इन अपीलों को खारिज कर दिया। ट्रिब्यूनल के पिछले फैसलों के मुताबिक, कर्मचारियों का PF और ग्रेच्युटी का पैसा सामान्य कर्ज भुगतान की प्रक्रिया से अलग है। यानी दूसरे कर्जदाताओं के दावे के कारण कर्मचारियों का यह हक नहीं रोका जा सकता।

क्या होता है ग्रेच्युटी और PF?

ग्रेच्युटी कंपनी की ओर से कर्मचारी को लंबे समय तक सेवा देने के बदले मिलने वाली रकम है। आमतौर पर किसी कर्मचारी को एक ही कंपनी में कम से कम पांच साल की सेवा पूरी करने पर इसका हक मिलता है। इसकी गणना आखिरी वेतन और नौकरी की अवधि के आधार पर होती है। वहीं, PF यानी प्रोविडेंट फंड रिटायरमेंट के लिए बचत की व्यवस्था है। इसमें कर्मचारी और नियोक्ता दोनों हर महीने बेसिक सैलरी का 12 फीसदी योगदान करते हैं। इस जमा रकम पर ब्याज भी मिलता है। Jet Airways के मामले में पात्र कर्मचारियों को अब उनका बकाया PF और ग्रेच्युटी ब्याज समेत मिलेगा।

2019 में बंद हुई थी जेट एयरवेज

नरेश गोयल ने 1993 में जेट एयरवेज की शुरुआत की थी। कंपनी ने चार लीज पर लिए गए बोइंग 737-300 विमानों के साथ उड़ान शुरू की थी। एक समय यह देश की प्रमुख प्राइवेट एयरलाइंस में शामिल थी। हालांकि, आर्थिक संकट के चलते अप्रैल 2019 में इसकी उड़ानें बंद हो गईं। इसके बाद नवंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने एयरलाइन की संपत्तियों को बेचकर कर्ज चुकाने यानी लिक्विडेशन का आदेश दिया था। अब NCLAT के ताजा फैसले से एयरलाइन के पात्र पूर्व कर्मचारियों को वर्षों से अटका उनका पैसा मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया बदलेगी अपना बिजनेस मॉडल, ₹6000 करोड़ की लागत घटाने का लक्ष्य; कार्गो और टूरिज्म पर भी फोकस

SOURCE : KHABAR INDIA TV