Home rss world hindi शेख हसीना की देश वापसी से पहले बड़ा ऐक्शन, पूर्व डिप्टी प्रेस...

शेख हसीना की देश वापसी से पहले बड़ा ऐक्शन, पूर्व डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी समेत 3 गिरफ्तार

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने से पहले ही तनाव बढ़ गया है और उनके सहयोगियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। खबर है कि उनके तीन करीबी लोगों को ढाका से गिरफ्तार किया गया है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को भारत से लौटने की चर्चा के बीच, गुरुवार को उनके तीन करीबी सहयोगियों को ढाका से गिरफ्तार कर लिया गया। ये गिरफ्तारी हसीना की संभावित वापसी से पहले सुरक्षा और राजनीतिक तनाव के बढ़ते माहौल में हुई है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हसीना की पूर्व डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी केएम शखावत मून, पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और इनकम टैक्स वकील सूफी मोहम्मद अल मामून शामिल हैं। तीनों को धनमंडी-27 इलाके से पकड़ा गया।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पहले बीएनपी की स्टूडेंट विंग जेसीडी के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। मोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर मसुदुर रहमान ने बताया कि तीनों को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों की भी गिरफ्तारी

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एडिशनल कमिश्नर शफीकुल इस्लाम ने बताया कि बुधवार को दो सीनियर पुलिस अधिकारियों को ‘देश विरोधी गतिविधियों’ के आरोप में गिरफ्तार किया गया। ये हैं सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस मोहम्मद अबुल कलाम आजाद और एडिशनल सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस मोहम्मद रकीबुल हसन। उन्हें गाजीपुर और नोआखली से देर रात गिरफ्तार किया गया।

ये गिरफ्तारियां गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के बयान के एक दिन बाद हुईं। उन्होंने कहा था कि पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों पर निगरानी बढ़ाई गई है और अधिकारियों को बिना किसी राजनीतिक जुड़ाव के काम करने की चेतावनी दी गई है। अहमद ने यह भी कहा कि देश को अस्थिर करने की साजिशों में कुछ पुलिस अधिकारी शामिल हो सकते हैं। 14 नवंबर से अब तक चार अधिकारियों को ऐसे आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

देशभर में बढ़ाई गई सुरक्षा

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है। हसीना के 16 दिसंबर को भारत से लौटने की बात सामने आई है। जबकि उन्हें गैरहाजिरी में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। बीएनपी सरकार ने देश के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। सीमा पर पैरामिलिट्री फोर्स की 108 प्लाटून तैनात की गई हैं, जिनमें से 56 प्लाटून हसीना के गृह जिला गोपालगंज में हैं।

दरअसल, हाल के हफ्तों में ट्रेन, बस, बैंक और गाड़ियों में आग लगाने की घटनाएं हुई हैं। नवंबर की शुरुआत से राजनीतिक हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है। चार पुलिस स्टेशनों और कई गाड़ियों को भी जला दिया गया। पुलिस का कहना है कि ये घटनाएं हसीना की अवामी लीग से जुड़े लोगों ने की हैं। अवामी लीग की गतिविधियां बैन हैं, फिर भी पार्टी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का आह्वान कर रही है।

बता दें कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद हसीना ढाका छोड़कर भारत चली गई थीं। बांग्लादेश में उन्हें कई मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें 2024 के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के आरोप में स्पेशल ट्रिब्यूनल द्वारा दी गई मौत की सजा भी शामिल है। हसीना ने इन आरोपों से इनकार किया है। बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग की है। भारत ने कहा है कि उसे ढाका का अनुरोध मिला है और मामले की जांच चल रही है।

बीएनपी का भारत पर बड़ा आरोप

हसीने के मुद्दे पर बांग्लादेश में बयानबाजी तेज है। लगातार भारती विरोधी बयान दिए जा रहे है। बीएनपी के एक्टिंग सेक्रेटरी जनरल रूहुल कबीर रिजवी ने गुरुवार को भारत पर बांग्लादेश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उनकी यह टिप्पणी पश्चिम बंगाल के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अर्जुन सिंह के बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदुओं की हत्याओं का बदला लेने के लिए 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लिया जाएगा। रिजवी ने कहा कि इस देश के लोगों ने हाथों में बंदूक लेकर आजादी की लड़ाई लड़ी थी। बांग्लादेश पर कब्जा करना आसान नहीं है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN