Source :- INDIATV NEWS

नई दिल्ली: परिसीमन पर मचे हंगामे के बीच कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है, “INDIA गठबंधन अभी भी कायम है। लेकिन गठबंधन की पार्टियों के बीच कुछ मतभेद हैं, खासकर DMK के साथ।”
चिदंबरम ने कहा, “YSRCP कभी भी INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं थी। ऐसा लगता है कि NCP (SCP) और DMK ने अपना रुख बदल लिया है। मुझे अभी भी उम्मीद है कि शरद पवार की NCP और एम.के. स्टालिन की DMK उस रुख का समर्थन करेंगी जो हमने अप्रैल में अपनाया था, और वे उसी पर कायम रहेंगी।”
चिदंबरम ने और क्या कहा?
जब चिदंबरम से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) संसद में पारित नहीं होगा, तो चिदंबरम ने कहा, “मुझे नहीं पता। यह पूरी तरह से उन लोगों पर निर्भर करता है जिन्होंने अप्रैल 2026 के विधेयक को हराने में हमारा साथ दिया था। अप्रैल 2026 में भी ऐसा ही प्रयास किया गया था, जिसे पूरी तरह से और स्पष्ट रूप से हरा दिया गया था। मुझे उम्मीद है कि अप्रैल से दिसंबर के बीच कुछ भी नहीं बदला है, वे अपने रुख पर कायम रहेंगे और इस विधेयक को हरा देंगे। मैं बस यही उम्मीद कर सकता हूं।”
परिसीमन आयोग में CEC ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति पर भी बोले चिदंबरम
परिसीमन आयोग में CEC ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति पर कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम ने कहा, “ज्ञानेश कुमार पिछले एक साल में उनकी भूमिका हम सभी जानते हैं। उनका काम गैर-कानूनी था। उन्होंने 13.30 करोड़ लोगों को मतदाता सूची से हटा दिया था। यह भारत की वयस्क आबादी का 15% है। अब, सुप्रीम कोर्ट की फटकार और सख्ती के बाद, वह उन लोगों को फिर से मतदाता सूची में शामिल कर रहे हैं।”
चिदंबरम ने कहा, “पहले आपने उन्हें सूची से हटाने के लिए पैसे खर्च किए, और अब उन्हें वापस जोड़ने के लिए फिर से पैसे खर्च कर रहे हैं। मान लीजिए आप 10 करोड़ रुपये लगाकर एक घर बनाते हैं, फिर उसे तोड़ देते हैं – तो आपके 10 करोड़ रुपये बर्बाद हो गए, और फिर आप उसी घर को दोबारा बनाते हैं। क्या आप ऐसा करेंगे? इसलिए, ज्ञानेश कुमार की भूमिका और उनका काम बेहद संदिग्ध है। मुझे लगता है कि यह असंवैधानिक है।”
इससे पहले खबर सामने आई थी कि कांग्रेस ने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है और 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़ें-
SOURCE : INDIATV NEWS




