Source :- INDIATV NEWS

सिडनी डर्बी में आखिरी गेंद तक चले रोमांच ने महिला बिग बैश लीग यानी WBBL के फाइनल की तस्वीर साफ कर दी। सिडनी सिक्सर्स ने अपने शहर की प्रतिद्वंद्वी टीम सिडनी थंडर को महज 2 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के साथ सिक्सर्स ने 5 दिसंबर को होने वाले फाइनल की मेजबानी का अधिकार भी अपने नाम कर लिया। टीम की इस शानदार जीत की सबसे बड़ी नायिका एश्ले गार्डनर रहीं, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया।
बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को 16-16 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिडनी सिक्सर्स ने गार्डनर और एलिस पेरी की शानदार पारियों की बदौलत 2 विकेट पर 154 रन बनाए। गार्डनर ने महज 32 गेंदों पर नाबाद 70 रन ठोक दिए, जिसमें पांच छक्के शामिल रहे। वहीं, पेरी ने भी 58 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 90 रन की अहम साझेदारी की।
सिडनी थंडर की शुरुआत रही खराब
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी थंडर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 47 रन तक चार विकेट गंवा दिए। हालांकि, लॉरा हैरिस और ताहलिया विल्सन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मुकाबले में जान डाल दी। हैरिस ने 22 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि विल्सन ने सिर्फ 28 गेंदों पर नाबाद 58 रन ठोक दिए।
एक समय ऐसा लग रहा था कि थंडर मुकाबला अपने नाम कर लेगी, लेकिन गार्डनर ने 14वें ओवर में बिना कोई रन दिए दो विकेट झटककर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने हन्ना डार्लिंगटन और जेम्मा बार्सबी को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद थंडर को जीत के लिए आखिरी ओवरों में मुश्किल लक्ष्य का सामना करना पड़ा।
सिक्सर्स ने 2 रन से दर्ज की रोमांचक जीत
मुकाबला आखिरी गेंद तक पहुंच गया, जहां थंडर को जीत के लिए तीन रन और टाई करने के लिए छक्के की जरूरत थी। विल्सन ने आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाया, लेकिन गेंद बाउंड्री पार नहीं कर सकी। वह छक्का लगाने से महज 10 सेंटीमीटर दूर रह गईं और सिक्सर्स ने दो रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली। गार्डनर ने इस मुकाबले में 70 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए। मौजूदा सीजन में उनके नाम अब 392 रन और 26 विकेट हो चुके हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने सिक्सर्स को सीधे फाइनल की मेजबानी तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें:
ध्रुव जुरेल ने धोनी-मोरे के खास क्लब में बनाई जगह, शतक से चूकने के बावजूद किया कमाल
SOURCE : INDIATV NEWS




