Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Amazon ने अपने रिटेल बिजनेस में करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की है, जिसका असर भारत, अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में पड़ा है
- कंपनी के संस्थापक Jeff Bezos ने भी महामारी के दौरान हुई ज्यादा हायरिंग को मौजूदा जॉब कट की एक वजह बताया है
अमेजन (Amazon) ने एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी ने बताया है कि उसके रिटेल बिजनेस (Retail Business) में करीब 1,000 कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित हुई हैं। इस छंटनी का असर भारत के साथ अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ा है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अमेजन (Amazon) अपने कारोबार में बड़े बदलाव और AI (Artificial Intelligence) पर भारी निवेश की तैयारी कर रही है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, छंटनी अमेजन (Amazon) के स्टोर बिजनेस में हुई है। यही यूनिट कंपनी की E-commerce वेबसाइट और उससे जुड़ी कई सेवाओं को संभालती है। कस्टूमर सर्विस, सेलिंग पार्टनर सर्विसेस, मार्केटप्लेस सपोर्ट और इंजीनयरिंग जैसी टीमों के कर्मचारियों पर भी इसका असर पड़ा है। अमेजन (Amazon) के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने स्टोर्स बिजनेस (Stores Business) के कुछ हिस्सों में बदलाव किया है, ताकि मौजूदा प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सके। हालांकि, कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या नहीं बताई है।
छंटनी पर जेफ बेजोस ने दी प्रतिक्रिया
अमेजन (Amazon) के संस्थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) ने भी छंटनी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनके मुताबिक, महामारी के दौरान कंपनी ने जरूरत से ज्यादा लोगों को भर्ती कर लिया था। उस समय लोग घरों में रहकर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन शॉपिंग कर रहे थे और अमेजन के कारोबार में तेज उछाल आया था। अब कंपनी उस दौर में बढ़े वर्कफोर्स को अपने मौजूदा कारोबार और जरूरत के हिसाब से समायोजित कर रही है। यह नई छंटनी अमेजन की उस बड़ी योजना का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें दुनियाभर में करीब 30,000 जॉब्स प्रभावित होने की संभावना है।
सेलिंग सीजन में Amazon ने की यह छंटनी
दिलचस्प बात यह है कि Amazon ने यह छंटनी अपने बड़े सेल सीजन की शुरुआत में की है। भारत में अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल की शुरुआत 7 अक्टूबर को प्राइम मेंबर्स के लिए हुई थी और अब इसे सभी ग्राहकों के लिए खोल दिया गया है। वहीं, ग्लोबल स्तर पर प्राइम बिग डील डेज सेल 6 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। कर्मचारियों को छंटनी की जानकारी Email के जरिए दी गई। इसके बाद कई कर्मचारियों ने इंटरनल कम्युनिकेशन चैनल पर सेवरेंस पैकेज, नोटिस पीरियड और दूसरी नौकरियों के लिए आवेदन जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
AI पर कंपनी का फोकस
अमेजन (Amazon) की छंटनी को कंपनी के AI फोकस से भी जोड़कर देखा जा रहा है। कंपनी डाटा सेंटर, चिप्स और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 220 अरब डॉलर तक खर्च करने की तैयारी कर रही है। साथ ही अमेजन ने AWS और AI से जुड़े कारोबार में कुछ पुराने कर्मचारियों से भी संपर्क किया है, जिनमें पहले छंटनी का सामना कर चुके लोग शामिल हैं। यानी एक तरफ कंपनी रेगुलर रिटेल और कॉर्पोरेट रोल्स में कर्मचारियों की संख्या घटा रही है, तो दूसरी तरफ AI और Cloud जैसे क्षेत्रों में निवेश और भर्ती की दिशा में आगे बढ़ रही है। Amazon अकेली टेक कंपनी नहीं है, जो इस दौर में ऐसा कर रही है। Meta, Microsoft और Oracle भी हाल के महीनों में छंटनी के साथ AI पर अपना फोकस बढ़ा चुकी हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




