Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- AU स्मॉल फाइनेंस बैंक डेटा लीक की जांच कर रहा है
- फिलहाल बैंक ने डेटा लीक के दायरे, प्रभावित ग्राहकों की संख्या और जानकारी के दुरुपयोग को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है
AU स्मॉल फाइनेंस बैंक में डेटा लीक की आशंका से हड़कंप मच गया है। दरअसल, बैंक ने बताया है कि वह संभावित डेटा लीक की जांच कर रहा है। इस खबर के बीच बैंक के शेयर में शुक्रवार को बड़ी गिरावट आई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यह शेयर 879.50 के इंट्रा-डे हाई से 860.45 रुपये के लो तक आ गया। शेयर अब अपने 52 हफ्ते लो 832 रुपये के करीब है।
कहां से उठी डेटा लीक की खबर?
मिंट की एक खबर के मुताबिक स्कार्लेटग्रुप (ScarlettGroup) नाम के एक हैकिंग ग्रुप ने दावा किया है कि उसने AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के ग्राहकों और कंपनी के आंतरिक रिकॉर्ड से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली है। बताया जा रहा है कि इस लीक में आधार और पैन नंबर, KYC दस्तावेज, सिबिल स्कोर, बैंक स्टेटमेंट और लोन से जुड़ी जानकारी जैसे व्यक्तिगत और वित्तीय डेटा शामिल हो सकते हैं। ग्रुप ने धमकी दी है कि अगर बैंक 6 दिनों के भीतर बातचीत नहीं करता है तो वे चुराई गई जानकारी को सार्वजनिक कर देंगे।
स्कार्लेटग्रुप ने नेगोशिएशन डेडलाइन (बातचीत की समय-सीमा) के नाम से एक काउंटडाउन शुरू किया है और दस्तावेजों के कुछ नमूने भी दिखाए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि डेटा लीक का दायरा कितना बड़ा है और इससे कितने ग्राहक प्रभावित हुए हैं। इस डेटा लीक के बारे में सबसे पहले साइबर सुरक्षा की निगरानी करने वाले अकाउंट H4ckmanac ने 30 अक्टूबर, 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी।
बैंक ने क्या कहा?
AU स्मॉल फाइनेंस बैंक ने डेटा लीक की खबरों पर प्रतिक्रिया दी है। बैंक ने स्वीकार किया है कि उसके सेल्सफोर्स (Salesforce) ऐप पर डेटा लीक हो सकता है। बैंक ने बताय कि यह एक सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस (SaaS) सिस्टम है, जिसे सेल्सफोर्स ही मैनेज और होस्ट करता है। बैंक ने कहा है कि इस प्लेटफॉर्म पर उसके वाहन फाइनेंस ग्राहकों से जुड़ी बहुत कम जानकारी मौजूद थी। बैंक ने कहा, “मामले की जांच चल रही है। हम सभी संबंधित पक्षों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि बैंक के मुख्य सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित हैं और सभी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं।” स्पष्टीकरण में कहा गया है कि यह घटना बैंक के मुख्य बैंकिंग सिस्टम से जुड़ी नहीं है। बैंक ने यह नहीं बताया है कि कितने रिकॉर्ड लीक हुए हैं या इस डेटा लीक में किस तरह की जानकारी शामिल थी।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही में AU स्मॉल फाइनेंस बैंक का मुनाफा 53 प्रतिशत बढ़कर 858 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 561 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 6,382 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,224 करोड़ रुपये थी।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बैंक की ब्याज आय भी बढ़कर 5,612 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,511 करोड़ रुपये थी। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) जुलाई-सितंबर तिमाही में 32 प्रतिशत बढ़कर 2,820 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल सितंबर तिमाही में यह 2,144 करोड़ रुपये थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




