Source :- LIVE HINDUSTAN
देश की प्रमुख फिटनेस और वेलनेस कंपनी Cult.fit अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपने IPO) के लिए SEBI के पास शुरुआती दस्तावेज (DRHP) जमा कर दिए हैं। इस IPO में कंपनी 950 करोड़ रुपये के नए शेयर (Fresh Issue) जारी करेगी। वहीं, मौजूदा निवेशकों की हिस्सेदारी बेचने वाले ऑफर फॉर सेल (OFS) को मिलाकर इस IPO का कुल आकार करीब 4,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
Cult.fit के कई बड़े निवेशक इस IPO के जरिए अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेंगे। इनमें Temasek, Tata Digital, Accel India, Kalaari Capital, Chiratae Ventures, Schroders Capital और Fitness First Luxembourg जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी के संस्थापक मुकेश बंसल, अभिनेता ऋतिक रोशन, एंजेल निवेशक ब्रूनो रैशले और अन्य निवेशक भी OFS के जरिए शेयर बेचेंगे। हालांकि, एटरनल लिमिटेड (पूर्व में Zomato), जिसके पास Cult.fit में 6.4% हिस्सेदारी है, इस IPO में अपनी हिस्सेदारी नहीं बेचेगी।
कंपनी ने बताया कि फ्रेश इश्यू से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल देशभर में नए फिटनेस सेंटर खोलने, मौजूदा सेंटरों की लीज से जुड़े खर्च, कर्ज चुकाने, ब्रांड मार्केटिंग और सहायक कंपनियों में निवेश के लिए किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी IPO से पहले 190 करोड़ रुपये तक का प्री-IPO फंड भी जुटा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो फ्रेश इश्यू का साइज उसी हिसाब से कम कर दिया जाएगा।
2016 में मुकेश बंसल और अंकित नागोरी द्वारा शुरू की गई Cult.fit आज भारत के 77 शहरों में 708 फिटनेस सेंटर संचालित करती है। कंपनी का बिजनेस लगातार तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 1,721 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 40% अधिक है। हालांकि, कंपनी अभी भी घाटे में है, लेकिन उसका नुकसान लगातार कम हो रहा है। FY26 में कंपनी का घाटा 252 करोड़ रुपये रहा, जबकि FY25 में यह 481 करोड़ रुपये और FY24 में 888 करोड़ रुपये था।
कंपनी की लगभग 70% आय फिटनेस सब्सक्रिप्शन, जिम और वर्कआउट सेवाओं से आती है, जबकि बाकी 30% आय फिटनेस प्रोडक्ट्स की बिक्री से होती है। फिलहाल, Cult.fit के समान बिजनेस मॉडल वाली कोई लिस्ट (Listed) कंपनी भारत में मौजूद नहीं है। ऐसे में यह IPO भारतीय फिटनेस और वेलनेस इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा माइलस्टोन माना जा रहा है।
फिलहाल, कंपनी की पहली प्राथमिकता SEBI से मंजूरी हासिल करना है। इसके बाद बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए IPO लॉन्च की तारीख तय की जाएगी। एक्सपर्ट का मानना है कि अगर बाजार का माहौल अनुकूल रहा, तो Cult.fit का IPO निवेशकों के बीच अच्छी दिलचस्पी पैदा कर सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




