Home rss business hindi Fact Check: दिवाली पर 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की...

Fact Check: दिवाली पर 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की होगी कमी? RBI ने बताई सच्चाई

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • दिवाली के त्योहार पर बाजारों में खूब खरीदारी होती है
  • इस दौरान लोग मिठाई, कपड़े और घर के सामान खरीदने के लिए नकद पैसों का भी इस्तेमाल करते हैं
  • छोटी-मोटी खरीदारी के लिए 10, 20 और 50 रुपये के नोट काफी काम आते हैं

Fact Check: दिवाली के त्योहार पर बाजारों में खूब खरीदारी होती है। इस दौरान लोग मिठाई, कपड़े और घर के सामान खरीदने के लिए नकद पैसों का भी इस्तेमाल करते हैं। छोटी-मोटी खरीदारी के लिए 10, 20 और 50 रुपये के नोट काफी काम आते हैं। लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि दिवाली पर इन छोटे नोटों की कमी हो सकती है। मैसेज में लोगों को UPI और कार्ड से पेमेंट करने की सलाह भी दी गई है। ऐसे में अगर आप भी इस दावे को लेकर परेशान हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। RBI ने इस वायरल मैसेज की सच्चाई बताते हुए साफ किया है कि देश में छोटे नोटों की कोई कमी नहीं है।

क्या है छोटे नोटों की कमी का वायरल दावा

सोशल मीडिया पर RBI के नाम और लोगो से एक फर्जी सर्कुलर वायरल हो रहा है। इसमें RBI गवर्नर के नाम और फर्जी हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल किया गया है। इस सर्कुलर में दावा किया गया है कि दिवाली के दौरान बाजार में 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की कमी हो सकती है। इसमें लोगों को सलाह दी गई है कि वे नकद पैसे की जगह UPI, कार्ड और दूसरे डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल करें।

फर्जी सर्कुलर में क्या लिखा है

27 अक्टूबर 2026 की तारीख वाले इस फर्जी सर्कुलर में कहा गया है कि देश में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने और नकदी का इस्तेमाल कम करने की योजना के तहत छोटे नोटों की छपाई धीरे-धीरे कम की जा रही है। इसमें दावा किया गया है कि दिवाली के दौरान 10, 20 और 50 रुपये के नए नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो सकते हैं। सर्कुलर में लोगों को सलाह दी गई है कि वे UPI, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और दूसरे ऑनलाइन पेमेंट तरीकों का इस्तेमाल करें। साथ ही त्योहार के दौरान नकदी की जरूरत को देखते हुए पहले से तैयारी करने की बात भी कही गई है।

RBI ने क्या बताया

इस वायरल दावे पर RBI ने साफ कर दिया है कि यह सर्कुलर पूरी तरह फर्जी है और इसमें दी गई जानकारी गलत है। RBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि 10, 20 और 50 रुपये समेत सभी तरह के नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। RBI के मुताबिक, सभी कीमतों के नोट उसके वॉल्ट और करेंसी चेस्ट में पर्याप्त संख्या में मौजूद हैं। ऐसे में दिवाली पर छोटे नोटों की कमी होने का दावा पूरी तरह भ्रामक है। बैंक ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी मैसेज पर भरोसा न करें।

लोगों से RBI की अपील

RBI ने लोगों को सलाह दी है कि नोटों की उपलब्धता से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर चल रहे मैसेज पर भरोसा न करें। ऐसी जानकारी के लिए सिर्फ RBI की आधिकारिक वेबसाइट और उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी सूचनाओं को ही सही मानें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN