Source :- LIVE HINDUSTAN
World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने का बेहतरीन मौका है। अगर छोटी उम्र से ही उन्हें पानी बचाने का महत्व समझाया जाए, तो वे जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं और पर्यावरण की रक्षा में योगदान दे सकते हैं।
बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने आसपास देखते हैं। अगर घर में पानी की बर्बादी होती है, तो उन्हें यह सामान्य लगने लगता है। वहीं अगर माता-पिता छोटी-छोटी बातों में पानी बचाने की आदत अपनाते हैं, तो बच्चे भी उसे जल्दी सीख लेते हैं। आज के समय में पानी की कमी एक बड़ी चिंता बनती जा रही है। ऐसे में बच्चों को शुरू से ही पानी की अहमियत समझाना बेहद जरूरी है।
विश्व पर्यावरण दिवस इस दिशा में एक अच्छी शुरुआत करने का मौका देता है। यह सिर्फ पानी बचाने की बात नहीं है, बल्कि बच्चों में जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का भी एक तरीका है। कुछ आसान उपायों से आप इस आदत को उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना सकते हैं।
- खुद उदाहरण बनें
बच्चे सबसे ज्यादा अपने माता-पिता की नकल करते हैं। अगर आप ब्रश करते समय नल बंद रखते हैं, जरूरत के हिसाब से पानी इस्तेमाल करते हैं और पानी बर्बाद नहीं करते, तो बच्चा भी यही आदत अपनाएगा।
- खेल-खेल में सिखाएं
छोटे बच्चों को सीख देना हमेशा आसान नहीं होता। उन्हें खेल या मजेदार एक्टीविटीज के जरिए समझाएं कि पानी कितना कीमती है। इससे वे बात को जल्दी समझेंगे और याद भी रखेंगे।
- पानी की अहमियत वाली कहानियां सुनाएं
बच्चों को ऐसी कहानियां सुनाएं जिनमें पानी की कमी और उसके महत्व को सरल तरीके से बताया गया हो। कहानियों के जरिए सीख लंबे समय तक याद रहती है।
- छोटी-छोटी जिम्मेदारियां दें
बच्चों को घर में कुछ काम सौंपें। जैसे पौधों को जरूरत के हिसाब से पानी देना या पानी भरने के बाद नल बंद करना। इससे उनमें जिम्मेदारी की भावना आएगी।
- पानी की बर्बादी दिखाकर समझाएं
अगर कहीं पानी बेवजह बह रहा हो, तो बच्चे को दिखाएं और समझाएं कि इससे कितना नुकसान हो सकता है। जब बच्चे किसी चीज को अपनी आंखों से देखते हैं, तो उसका असर ज्यादा होता है।
- हर बूंद की कीमत समझाएं
बच्चों को बताएं कि कई जगह लोगों को पीने का साफ पानी भी आसानी से नहीं मिलता। जब वे यह समझेंगे, तो पानी की कद्र करना सीखेंगे।
- अच्छी आदत पर तारीफ करें
जब भी बच्चा पानी बचाने से जुड़ा कोई अच्छा काम करे, तो उसकी तारीफ जरूर करें। इससे उसका उत्साह बढ़ेगा और वह उस आदत को बार-बार दोहराएगा।
- घर में पानी बचाने का नियम बनाएं
पूरे परिवार के लिए कुछ आसान नियम तय करें। जैसे बिना जरूरत नल खुला ना छोड़ना या बाल्टी से पानी का इस्तेमाल करना। जब पूरा परिवार साथ में नियम मानेगा, तो बच्चे भी उसे गंभीरता से लेंगे।
बेहतर भविष्य के लिए! पानी बचाने की आदत किसी एक दिन में नहीं बनती, लेकिन बचपन में डाली गई छोटी-छोटी अच्छी आदतें जीवनभर साथ रहती हैं। इस विश्व पर्यावरण दिवस पर बच्चों को पानी की कीमत समझाएं और उन्हें ऐसा जिम्मेदार इंसान बनने में मदद करें जो प्रकृति की कद्र करना जानता हो।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







