Source :- INDIATV NEWS

ओमान में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच में महामुकाबला 14 नवंबर को अल अमरात के स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें इसके रोमांचक होने की पूरी उम्मीद की जा सकती है। लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी में खेल रही भारतीय अंडर-19 टीम को ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में 3 विकेट से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इसके बावजूद टीम इंडिया का फाइनल तक का सफर काफी शानदार देखने को मिला जिसमें वह हर मुकाबले को एकतरफा अपने नाम करने में कामयाब रहे। ऐसे में खिताबी मैच में भारतीय टीम का पलड़ा भारी माना जा सकता है। वहीं अंडर-19 में दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड में भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी है।
टीम इंडिया का अभी तक दिखा है अंडर-19 में दबदबा
भारत और पाकिस्तान की टीम जब भी क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने होती हैं तो मुकाबले का अंत अधिकतर काफी रोमांचक देखने को मिला है। अंडर-19 में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल चुका है जिसमें दोनों टीमों के बीच में कुल 31 बार यूथ वनडे फॉर्मेट में भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें भारतीय टीम ने जहां 17 मुकाबलों को अपने नाम किया है तो वहीं पाकिस्तानी टीम 13 मैचों में जीत हासिल करने में कामयाब हो सकी है। वहीं एक मुकाबला टाई पर खत्म हुआ। वहीं अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच में अब तक तीन बार फाइनल मैच में भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें एकबार मुकाबला टाई रहा है, जबकि एक बार भारतीय टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही तो वहीं पाकिस्तानी टीम ने भी एकबार जीत हासिल की है।
टीम इंडिया के पास 9वीं बार खिताब जीतने का मौका
अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में अब तक भारतीय टीम के पास सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है, जिसमें उन्होंने इस ट्रॉफी को 8 बार अपने नाम किया है। ऐसे में अब 9वीं बार खिताब जीतने का शानदार मौका रहने वाला है। टीम इंडिया ने पिछली बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब साल 2021 में अपने नाम किया था, जब फाइनल मैच में उन्होंने श्रीलंका को मात दी थी। इसके बाद दो बार भारतीय टीम फाइनल में तो पहुंची लेकिन खिताब जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। वहीं पाकिस्तानी टीम अब तक 2 बार साल 2012 और 2025 में अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतने में कामयाब रही है।
ये भी पढ़ें
ICC ने 2032-35 साइकल के लिए शेड्यूल किया तैयार, 2 टी20 वर्ल्ड कप सहित होंगे कुल 6 ग्लोबल इवेंट्स
SOURCE : INDIATV NEWS




