Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ को निवेशकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है
- इस आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्राइब किया गया
- इसमें बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) ने 70.55 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) ने 14 गुना और रिटेल निवेशकों ने 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन किया
Jio Platforms IPO Allotment Status: जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए आज सोमवार का दिन अहम है। निवेशकों की नजर अब आईपीओ अलॉटमेंट के नतीजों पर टिकी है। बता दें कि 30,213 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। ऐसे में निवेशक जानना चाहते हैं कि उनके खाते में जियो के शेयर आएंगे या नहीं। अगर आपने भी इस आईपीओ में पैसा लगाया है, तो आप बीएसई, एनएसई या रजिस्ट्रार की वेबसाइट के जरिए अपना अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसका पूरा तरीका–
BSE की वेबसाइट पर चेक करें अलॉटमेंट स्टेटस
अगर आपने जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ में आवेदन किया है, तो BSE की वेबसाइट पर जाकर अपना अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं।
— सबसे पहले BSE की आधिकारिक वेबसाइट खोलें।
— IPO अलॉटमेंट वाले सेक्शन में जाएं।
— इश्यू टाइप में ‘Equity’ चुनें।
— लिस्ट में जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ का नाम चुनें।
— अपना PAN नंबर या एप्लीकेशन नंबर दर्ज करें।
— कैप्चा भरकर सबमिट करें।
— इसके बाद स्क्रीन पर पता चल जाएगा कि आपको शेयर मिले हैं या नहीं और कितने शेयर अलॉट हुए हैं।
NSE और KFin टेक्नोलॉजीज पर भी कर सकते हैं चेक
निवेशक NSE की आधिकारिक वेबसाइट या IPO के रजिस्ट्रार KFin टेक्नोलॉजीज के पोर्टल पर भी अपना स्टेटस देख सकते हैं। इसके लिए PAN नंबर, एप्लीकेशन नंबर या मांगी गई अन्य जानकारी भरनी होगी।
IPO को मिला 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन
बता दें कि जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ को निवेशकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इस आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्राइब किया गया। इसमें बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) ने 70.55 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) ने 14 गुना और रिटेल निवेशकों ने 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन किया। रिटेल कैटेगरी में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले ज्यादा आवेदन मिले हैं। ऐसे में सभी निवेशकों को शेयर मिलना जरूरी नहीं है। अलॉटमेंट आईपीओ के नियमों के मुताबिक किया जाएगा।
शेयर नहीं मिले तो क्या होगा?
अगर आपको IPO में शेयर अलॉट नहीं होते हैं, तो आपके बैंक खाते में ब्लॉक की गई रकम अनब्लॉक कर दी जाएगी। यह प्रोसेस 27 अक्टूबर तक होने की उम्मीद है। जिन निवेशकों को शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट अकाउंट में भी शेयर 27 अक्टूबर तक क्रेडिट होने की संभावना है।
कब होगी शेयर बाजार में लिस्टिंग?
शेयर बाजार में इस आईपीओ की अनुमानित लिस्टिंग तारीख 28 अक्टूबर 2026 है। रिपोर्ट के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ग्रे मार्केट में करीब 23% प्रीमियम यानी 250 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, ग्रे मार्केट का यह भाव अनौपचारिक होता है। इससे लिस्टिंग के दिन मुनाफा होने की गारंटी नहीं मिलती।
(डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




