Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/03/1200x900/kfgs_1780484427866_1780484431720_c79ea8fb-2180-43fa-b69c-b6a1ac04251a.jpgKGF Chapter 2: अगर KGF 2 के बाद आपको भारतीय फिल्मों में एक्शन सीक्वेंस ज्यादा पसंद आने लगे तो यह कोई संयोग नहीं है, इसके पीछे दो जुड़वा भाइयों का हाथ है, जिन्होंने भारतीय फिल्मों में एक्शन की परिभाषा ही बदलकर रख दी।
यह बात आपने भी नोटिस की होगी कि बीते 10 सालों में बॉलीवुड में एक्शन दिखाने का तरीका काफी हद तक बदल गया है। एक दौर था जब बॉलीवुड फिल्मों में ‘ढिशूम-ढिशूम’ की आवाज के साथ एक्शन सीक्वेंस दिखाए जाते थे और साउथ सिनेमा के एक्शन सीन्स का तो खूब मजाक बनता था। लेकिन फिर साल 2022 में आई फिल्म KGF – Chapter 2. इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा जगत में एक्शन की परिभाषा ही बदल दी। वजह थे अनबैरव ट्विन्स नाम के दो भाई। अनबू और अरिबू नाम के इन दो भाइयों ने कुछ ऐसा किया, जिसके बाद आगे जितनी भी एक्शन फिल्में आईं, उनमें हमें ऐसे एक्शन सीक्वेंस देखने को मिले, जो काफी हद तक रियल लगते थे।
मार्वल डायरेक्टर्स ने भी की थी तारीफ
कहते हैं कि इन दोनों भाइयों के बगैर KGF 2 नहीं बन पाती। इन दोनों भाइयों को विक्रम मूवी में उनके काम के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है। नेटफ्लिक्स के एक इवेंट में एस.एस. राजामौली के साथ बातचीत में रूसो ब्रदर्स ने भी इन दोनों भाइयों की तारीफ की थी और कहा था कि वो इससे काफी कुछ सीख सकते हैं। बता दें कि रूसो ब्रदर्स वही हैं जिन्होंने एवेंजर्स एंडगेम और एक्सट्रैक्शन जैसी फिल्में बनाई हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिर ये अनबैरव ब्रदर्स हैं कौन और उनका KGF 2 समेत भारतीय सिनेमा में एक्शन को दिखाने के तरीके को बदलने में क्या योगदान रहा है? चलिए समझते हैं।
सिनेमा में बदल गई एक्शन की परिभाषा
दरअसल ये दोनों जुड़वा भाई एक्शन कोरियोग्राफर्स और स्टंट डायरेक्टर्स हैं। केजीएफ-2 की सक्सेस में इसके एक्शन सीक्वेंस का बहुत अहम योगदान था और उस विजुअल अपील और रॉ स्टाइल एक्शन को इन्हीं दोनों भाइयों की मदद से पर्दे के जरिए पब्लिक तक पहुंचाया जाना संभव हुआ। फिल्म का क्लाइमैक्स सीक्वेंस दोनों भाइयों ने बहुत सोच समझकर डिजाइन किया था। उनके काम के बाद बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक में एक्शन की सूरत ही बदल गई और दोनों को बेस्ट स्टंट कोरियोग्राफी का नेशनल अवॉर्ड दिया गया।
तुक्का नहीं निशाने पर लगा तीर था काम
अगर आपको लगता है कि अनबैरव भाइयों ने सिर्फ KGF2 के जरिए तुक्का लगाकर नाम कमा लिया तो जरा फिर से सोचिए। दोनों ने विक्रम, लियो, सालार – पार्ट 1 और कैथी जैसी फिल्मों में काम किया था और ये सभी फिल्में ब्लॉकबस्टर हिट रहीं। इतना ही नहीं, इसके बाद एनिमल और धुरंधर जैसी फिल्मों में हमें एक्शन सीक्वेंस देखकर ऐसा नहीं लगा कि जो पर्दे पर दिखाया जा रहा है, वो असल दुनिया में करना संभव ही नहीं है। इससे पहले तक पर्दे पर हमें जो एक्शन देखने को मिलता था, उसे देखकर दर्शकों की कई बार तो हंसी निकल जाती थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







