Home BUSINESS NEWS HINDI LIC के ऑफर फॉर सेल को तगड़ा रेस्पॉन्स, शेयर बेचकर निकलने लगे...

LIC के ऑफर फॉर सेल को तगड़ा रेस्पॉन्स, शेयर बेचकर निकलने लगे निवेशक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयर मंगलवार को बुरी तरह क्रैश हो गए। शेयर में यह गिरावट ऐसे समय आई है जब कंपनी में 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी की ऑफर फॉर सेल को संस्थागत निवेशकों से जोरदार प्रतिक्रिया मिली है। निवेशकों ने इसके लिए 36,400 करोड़ रुपये की बोलियां लगाईं। इस प्रतिक्रिया को देखकर सरकार ने LIC के शेयर बिक्री ऑफर में ‘ग्रीन-शू ऑप्शन’ का इस्तेमाल करने का फैसला किया है।

382 रुपये प्रति शेयर पर बिक्री

बता दें कि सरकार संस्थागत निवेशकों के लिए एलआईसी के 28.46 करोड़ से अधिक शेयर 382 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर बेच रही है। वहीं, यह इश्यू बुधवार को खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा। संस्थागत निवेशकों ने 383.84 रुपये प्रति शेयर के सांकेतिक मूल्य पर 94.45 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं। इस सांकेतिक मूल्य पर बोलियों का कुल मूल्य 36,400 करोड़ रुपये बैठता है। इस न्यूनतम मूल्य पर 82.22 करोड़ से अधिक शेयर यानी 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री से सरकार को लगभग 31,000 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है।

सेबी की शर्त के लिए था जरूरी

यह बिक्री पेशकश एलआईसी को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा निर्धारित न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता (एमपीएस) की शर्त समय से पहले पूरी करने में मदद करेगी। सेबी ने एलआईसी को न्यूनतम 10 प्रतिशत सार्वजनिक शेयरधारिता हासिल करने के लिए 16 मई, 2027 तक का समय दिया है।

कितनी हिस्सेदारी?

वर्तमान में सरकार की एलआईसी में 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार ने मई, 2022 में 902-949 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में एलआईसी में 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर लगभग 21,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। अप्रैल, 2026 में एलआईसी के निदेशक मंडल ने एक के बदले एक ‘बोनस शेयर’ जारी करने को मंजूरी दी थी।

मैनेजमेंट में हुआ है बदलाव

हाल ही में एलआईसी के मैनेजमेंट में बदलाव हुआ है। बीमा कंपनी के निदेशक मंडल ने शतमन्यु श्रीवास्तव को मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) और वरदराजन मुतुवेंकटरमन को चीफ रिस्क ऑफिसर नियुक्त किया है। शतमन्यु श्रीवास्तव को 28 जुलाई, 2026 से मुख्य वित्त अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रीवास्तव इससे पहले कार्यकारी निदेशक और रिस्क ऑफिसर के रूप में कार्यरत थे। मुतुवेंकटरमन 1992 में सहायक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कंपनी में शामिल हुए थे।

शेयर का परफॉर्मेंस

एलआईसी शेयर की बात करें तो यह 7.86% टूटकर 391 रुपये पर आ गया है। मंगलवार को इंट्रा-डे के दौरान शेयर 389 रुपये के निचले स्तर तक गया। इसी के साथ शेयर 52 हफ्ते के लो के करीब आ गया है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 361 रुपये है। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का हाई 468.30 रुपये है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN