Home BUSINESS NEWS HINDI Ola इलेक्ट्रिक को झटका… दो वेंडर्स ने दायर की दिवालिया याचिका, ₹42...

Ola इलेक्ट्रिक को झटका… दो वेंडर्स ने दायर की दिवालिया याचिका, ₹42 के नीचे शेयर

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Ola Electric share price: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी है। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भी इस शेयर में उतार-चढ़ाव का माहौल रहा और इंट्रा-डे में ज्यादातर वक्त यह लाल निशान पर ही ट्रेड करता रहा। इंट्रा-डे के दौरान शेयर बीएसई पर 42 रुपये के नीचे आ गया। शेयर में यह सुस्ती ऐसे समय में आई है जब दो ऑपरेशनल क्रेडिटर्स ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की बेंगलुरु बेंच के सामने कंपनी की पूरी तरह से अपनी सब्सिडियरी, ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दिवालियापन की याचिकाएं दायर की हैं।

क्या है मामला?

यह मामला ₹40 करोड़ से ज्यादा के बकाया भुगतान से जुड़ा है। इस मामले में दोनों क्रेडिटर्स ने दिवालियापन की कार्यवाही शुरू करने के लिए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) का रुख किया है। ये दोनों क्रेडिटर्स, स्टर्लिंग ई-मोबिलिटी सॉल्यूशंस लिमिटेड (जो लिस्टेड स्टर्लिंग टूल्स लिमिटेड की EV कंपोनेंट्स बनाने वाली सब्सिडियरी है) और एनेवॉल्व मांडो ई-मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड (जो ₹20,000 करोड़ के लिस्टेड आनंद ग्रुप का हिस्सा है) हैं। दोनों कंपनियों का आरोप है कि ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजीज कंपनी को सप्लाई किए गए कंपोनेंट्स का भुगतान करने में विफल रही। जानकारी के मुताबिक स्टर्लिंग का ₹29.8 करोड़ और एनेवॉल्व का ₹10.8 करोड़ का बकाया 45 दिनों से ज्यादा समय से नहीं चुकाया गया था। यही वजह है कि दोनों सप्लायर्स ने NCLT के जरिए कानूनी रास्ता अपनाया।

एक सूत्र ने मिंट को बताया, “यह एक कमर्शियल विवाद है। सप्लायर्स अपना बकाया भुगतान चाहते हैं जबकि ओला इलेक्ट्रिक के भी अपने दावे हैं, जिसने पार्ट्स की क्वालिटी के बारे में मुद्दे उठाए हैं।यह मामला कोर्ट तक पहुंचने से पहले, कंपनियों के बीच कुछ समय से चल रहा है।”

बता दें कि स्टर्लिंग ई-मोबिलिटी कई तरह के इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपोनेंट्स बनाती है, जिनमें ट्रैक्शन मोटर्स, मोटर कंट्रोल यूनिट्स और DC कन्वर्टर्स शामिल हैं। इसी तरह, एनेवॉल्व भी EV के मुख्य कंपोनेंट्स जैसे ट्रैक्शन मोटर्स, कंट्रोलर्स, इनवर्टर्स और AC/DC कन्वर्टर्स आदि बनाती है।

जून तिमाही में ओला की डिमांड

ओला इलेक्ट्रिक के इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन अप्रैल-जून तिमाही में लगभग दोगुना होकर 43,719 इकाई हो गया। पिछली तिमाही में यह 22,252 इकाई था। कंपनी ने जून में 16,144 वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराया, जो हाल की तिमाहियों में उसका सर्वाधिक मासिक आंकड़ा है। बेहतर खुदरा बिक्री, उत्पादों की उपलब्धता और ग्राहकों की मजबूत मांग से तिमाही आधार पर वृद्धि को समर्थन मिला। कंपनी को उम्मीद है कि भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का बाजार लगातार बढ़ने के साथ यह रफ्तार भी बनी रहेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN