Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/29/1200x900/mir_1793308949554_ZFUt_1793308949667_SCF1_878b24cc-a885-467e-b5a2-f99bf8d4a414_LlT3.jpgMirzapur The Movie OTT Release: ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद अब ओटीटी पर आ गई है। आइए आपको बताते हैं कि आप ये फिल्म किस ओटीटी पर देख सकते हैं।
सिनेमाघरों के बाद अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने ओटीटी पर दस्तक दे दी है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की यह क्राइम थ्रिलर 30 अक्टूबर से ओटीटी पर स्ट्रीम हो रही है। अगर आप बड़े पर्दे पर कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी की खूनी खींचतान देखने से चूक गए थे, तो अब घर बैठे फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर की कितनी कमाई?
4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने शुरुआती 28 दिनों में भारत में 229.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 273.22 करोड़ रुपये रहा। वहीं, विदेशों से फिल्म ने 65.30 करोड़ रुपये जुटाए। इस तरह फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 338.52 करोड़ रुपये रही।
क्या है ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी?
‘मिर्जापुर: द मूवी’ वेब सीरीज की कहानी को आगे बढ़ाने के बजाय दर्शकों को पहले सीजन के दौर में ले जाती है। इसके केंद्र में कालीन भैया का साम्राज्य और उनका अवैध कारोबार रहता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब जैसलमेर का ड्रग माफिया बब्बन यादव नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप लेकर फरार हो जाता है। इस घटना का असर मिर्जापुर के सत्ता समीकरणों पर पड़ता है। अपने कारोबार और दबदबे को बचाने के लिए कालीन भैया को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसी संघर्ष के बीच गुड्डू पंडित, बबलू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी के रिश्तों और वफादारी की भी परीक्षा होती है।
फिल्म में कौन-कौन है?
फिल्म में पंकज त्रिपाठी कालीन भैया, अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में नजर आते हैं। इनके अलावा रवि किशन, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, अभिषेक बनर्जी, हर्षिता गौर, राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा और सोनल चौहान भी फिल्म का हिस्सा हैं।
किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आप ये फिल्म देख सकते हैं?
सत्ता, बदले और रिश्तों की इस कहानी को अब प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है। ‘मिर्जापुर’ की दुनिया और इसके किरदारों को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अक्टूबर का आखिरी हफ्ता दिलचस्प होने वाला है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




