Home rss business hindi OYO IPO का इंतजार खत्म…कब से मिलेगा दांव लगाने का मौका, रितेश...

OYO IPO का इंतजार खत्म…कब से मिलेगा दांव लगाने का मौका, रितेश अग्रवाल ने बताया

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

OYO IPO: हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की चर्चित कंपनी ओयो के आईपीओ का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, ओयो की पैरेंट कंपनी प्रिज्म चालू वित्त वर्ष में 6,650 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के संस्थापक रितेश अग्रवाल ने यह जानकारी दी। रितेश अग्रवाल ने कहा कि हम चालू वित्त वर्ष में ही आईपीओ पेश करेंगे। आईपीओ लाने से पहले हम मूल्य निर्धारण पर ध्यान देंगे। इसका मतलब हुआ कि कंपनी अगले साल 31 मार्च से पहले आईपीओ लॉन्च कर देगी।

दिसंबर 2025 में दिया गया था दस्तावेज

बता दें कि कंपनी ने दिसंबर 2025 में गोपनीय माध्यम से आईपीओ के लिए दस्तावेजों का मसौदा दाखिल किया था। इसके बाद कंपनी ने 30 जून 2026 को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर पेश किया। प्रस्तावित आईपीओ में 6,650 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे।

शेयरधारक नहीं बेचेंगे हिस्सेदारी

इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं होगा। प्रस्तावित आईपीओ में बिक्री पेशकश का कोई प्रावधान नहीं होने का मतलब है कि सॉफ्टबैंक की एसवीएफ इंडिया होल्डिंग्स, संस्थापक रितेश अग्रवाल, आरए हॉस्पिटैलिटी होल्डिंग्स, माइक्रोसॉफ्ट, एयरबीएनबी, खजानाह, लाइटस्पीड, ग्रीनओक्स कैपिटल और पीक एक्सवी सहित मौजूदा शेयरधारक आईपीओ के जरिये अपनी हिस्सेदारी नहीं बेचेंगे।

क्या होगा पैसे का?

प्रिज्म ने बताया था कि इस आईपीओ से मिली रकम में से 4,987.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी के बकाया कर्ज के भुगतान के लिए किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा। बता दें कि ओयो का संचालन करने वाली ओरावेल स्टेज का नाम सितंबर 2025 में बदलकर प्रिज्म कर दिया गया था। प्रिज्म 35 से अधिक देशों में 43 ब्रांड संचालित करती है।

विदेश में नया विस्तार

ओयो अपना विस्तार ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में कर रही है। हाल ही में ओयो की पैरेंट कंपनी प्रिज्म ने अमेरिका में ‘बेलविला डिस्ट्रिक्ट 6’ ब्रांड की शुरुआत की घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने अमेरिका के प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी सेग्मेंट में एंट्री ले ली है। इसके अलावा, प्रिज्म ने ब्रिटेन में अपने प्रीमियम होटल कारोबार का विस्तार करते हुए संडे होटल और बेलविला ब्रांड के तहत 40 नए होटल को शामिल करने की घोषणा की है। कंपनी यूरोप में प्रिज्म,चेकमायगेस्ट, डैनसेंटर और ट्राउम-फेरिएनवोनुंगेन होटल ब्रांड का भी संचालन करती है।

कंपनी का परफॉर्मेंस

प्रिज्म के वित्तीय स्थिति की बात करें तो बीते वित्त वर्ष 2025-26 में नेट प्रॉफिट चार गुना से अधिक होकर 994 करोड़ रुपये रहा है। इस कंपनी की परिचालन आय 2025-26 में 49.7 प्रतिशत बढ़कर 9358 करोड़ रुपये हो गई। प्रिज्म को वित्त वर्ष 2024-25 में 245 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 के नेट प्रॉफिट में 678 करोड़ रुपये का आगे के लिए डिफर्ड टैक्स क्रेडिट भी शामिल है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN