Source :- LIVE HINDUSTAN

PhysicsWallah के शेयरों में 4 जून को 18% तक की जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी ने अपनी सहायक इकाई FinZ Finance के जरिए सीधे एजुकेशन लोन देने की योजना वापस लेते हुए अब रेगुलेटेड NBFCs के साथ साझेदारी करने का फैसला किया है, जिसके बाद शेयर तेजी से ऊपर चढ़ने लगा।

PW (PhysicsWallah) के शेयरों में 4 जून को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर एक ही दिन में 18% तक उछल गए। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी द्वारा अपनी स्टूडेंट लोन (Student Loan) रणनीति में किया गया बड़ा बदलाव माना जा रहा है। दरअसल, फिजिक्स वल्लाह (PhysicsWallah) ने फैसला किया है कि अब वह अपनी सहायक कंपनी FinZ Finance के जरिए सीधे छात्रों को लोन नहीं देगी। इसके बजाय कंपनी अब रेगुलेटेड NBFCs (नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों) के साथ पार्टनरशिप करके छात्रों को एजुकेशन लोन उपलब्ध कराएगी।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसने कई लाइसेंस प्राप्त NBFCs के साथ एग्रीमेंट किया है। अब PhysicsWallah केवल एक टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाएगी, जहां छात्र लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे, जबकि लोन मंजूर करने और पैसा देने का काम NBFCs करेंगी। इस फैसले को निवेशकों ने काफी सकारात्मक माना, क्योंकि इससे कंपनी के ऊपर क्रेडिट रिस्क और बैलेंस शीट का बोझ काफी कम हो जाएगा।

FinZ फाइनेंस में निवेश

दिलचस्प बात यह है कि कुछ ही सप्ताह पहले PhysicsWallah ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी FinZ फाइनेंस में करीब 120 करोड़ रुपये का निवेश किया था। उस समय कंपनी की योजना खुद एजुकेशन लोन कारोबार में उतरने की थी। लेकिन, अब कंपनी ने रणनीति बदलते हुए जोखिम कम करने का रास्ता चुना है।

सह-संस्थापक ने क्या कहा?

PhysicsWallah के सह-संस्थापक प्रतीक माहेश्वरी ने कहा कि कंपनी को विभिन्न हितधारकों से मिले फीडबैक में यह बात सामने आई कि PhysicsWallah की असली ताकत शिक्षा प्रदान करने और छात्रों का मजबूत लर्निंग कम्युनिटी बनाने में है। वहीं, लोन देने का काम उन वित्तीय संस्थानों को करना चाहिए, जिनके पास इस क्षेत्र का अनुभव और नियामकीय ढांचा मौजूद है।

एक्सपर्ट का मानना है कि यह फैसला कंपनी के लिए लंबी अवधि में फायदेमंद साबित हो सकता है। एजुकेशन लोन व्यवसाय में डिफॉल्ट और रिकवरी का जोखिम रहता है, जिससे कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर दबाव पड़ सकता था। NBFC मॉडल अपनाने से PhysicsWallah बिना अतिरिक्त जोखिम लिए छात्रों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में सक्षम होगी।

₹145 प्रति शेयर के भाव पर लिस्टिंग

हालांकि, शेयरों में आई इस तेजी के बावजूद PhysicsWallah का स्टॉक अभी भी अपने लिस्टिंग प्राइस से काफी नीचे कारोबार कर रहा है। कंपनी ने नवंबर 2025 में NSE पर ₹145 प्रति शेयर के भाव पर लिस्टिंग की थी। लेकिन, हालिया उछाल के बाद भी शेयर करीब ₹105 के आसपास कारोबार कर रहा है, जो लिस्टिंग प्राइस से लगभग 30% कम है।

शेयर परफॉर्मेंस

PhysicsWallah Ltd के शेयरों में गुरुवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। 4 जून को (02:47pm पर) यह स्टॉक 15.15% की छलांग लगाकर ₹105.98 पर कारोबार कर रहा था।

पिछले एक महीने में शेयर करीब 9% टूटा है, जबकि 6 महीनों में इसमें 27% और एक साल में लगभग 35% की गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में निवेशकों को उम्मीद है कि कंपनी का यह नया बिजनेस मॉडल भविष्य में बेहतर मुनाफा और स्थिर विकास का रास्ता खोल सकता है। फिलहाल, बाजार ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसी वजह से PhysicsWallah के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN