Source :- LIVE HINDUSTAN

AC खरीदने से पहले हर किसी के मन में कई सवाल होते हैं, सस्ता हो, अच्छा हो, अच्छी कूलिंग दें और बिजली का बिल भी कम आए। ऐसे में अक्सर हम अच्छा ब्रांड और स्टार रेटिंग पर गौर करते हैं। अगर आपके मन में भी ये सवाल रहते हैं, तो हम आपको बताएंगे कि स्प्लिट-विंडो या पोर्टेबल AC में सबसे बेस्ट कौन सा है।

Split vs Window vs Portable AC: गर्मियों में अब एयर कंडीशनर (AC) के बिना काम चलाना मुश्किल हो गया है। इसी वजह से लोग बड़ी और भरोसेमंद ब्रांड की AC खरीदना पसंद करते हैं, जिसमें बेहतर कूलिंग के साथ-साथ बिजली की कम खपत भी हो। हालांकि कई लोग सिर्फ 5-स्टार रेटिंग, ब्रांड और कीमत देखकर AC खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें उम्मीद के मुताबिक बिजली के बिल में बचत नहीं दिखती, बल्कि कई बार खर्चा और बढ़ जाता है। ऐसे में AC खरीदने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि Split, Window या Portable AC में से कौन सा विकल्प बिजली की खपत और कूलिंग के लिहाज से सबसे बेहतर है?

स्प्लिट AC के फायदे

सबसे पहले Split AC के बारे में जान लीजिए। आजकल ज्यादातर घरों में यही एसी पाया जाता है और सभी के दिमाग में यही सबसे पहला ऑप्शन आता है। तो स्प्लिट एसी बिजली की खपत काफी हद तक कम करता है। इसका कंप्रेसर बाहर यूनिट में होता है और ये कमरे की गर्मी को अच्छे से बाहर फेंकता है। साथ ही आजकल मॉडर्न ब्रांड्स में इन्वर्टर इनबिल्ट वाला सिस्टम भी आ चुका है, जो इसकी स्पीड और कूलिंग को और बेहतर कर देता है। स्प्लिट एसी कमरे को जल्दी कूल करता है। विंडो एसी के मुकाबल स्प्लिट एसी 30% से 50% तक कम बिजली की खपत करते हैं।

विंडो AC के फायदे

सबसे पहली और अच्छी बात ये है कि विंडो AC स्प्लिट एसी की तुलना में सस्ता होता है, इसलिए बजट में खरीदारी करने वालों के लिए यह बेस्ट ऑप्शन रहता है। इसका इंस्टॉलेशन भी सस्ता और आसान होता है और कूलिंग भी ठीक-ठाक होती है। इसकी कूलिंग धीरे होती है लेकिन बढ़िया रहती है। अगर आप इसे लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसमें बिजली की खपत ज्यादा होती है और बल्कि कई बार स्प्लिट एसी से ज्यादा ही होती है। खास बात ये भी है कि ये एसी खिड़की या दीवार में बने स्लॉट में आसानी से लगाया जा सकता है और ये छोटे कमरों के लिए अच्छा रहता है।

पोर्टेबल AC के फायदे

पोर्टेबल AC का सबसे बड़ा फायदा इसकी पोर्टेबिलिटी है। इसे आप खिसकाकर एक जगह से दूसरी जगह पर आसानी से लेकर जा सकते हैं। स्प्लिट और विंडो AC की तरह इसमें जटिल इंस्टॉलेशन की जरूरत नहीं होती। इसे सेटअप करना काफी आसान होता है। जिन लोगों को बार-बार घर बदलना पड़ता है या जो किराए के मकान में रहते हैं, उनके लिए पोर्टेबल AC सबसे बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। पोर्टेबल एसी की तारीफ हो चुकी है, तो अब बता दें कि इसमें बिजली का खर्चा ज्यादा होता है और ये कूलिंग भी धीरे-धीरे करता है। इसकी गर्म हवा निकालने के लिए डक्ट का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन ये कई बार अंदर गर्म-ठंडी हवा फेंकता है।

कौन सा है बेहतर ऑप्शन?

स्प्लिट-विंडो या पोर्टेबल AC में सबसे कम बिजली की खपत और अच्छी कूलिंग स्प्लिट एसी ही करता है। इसके बाद आप विंडो AC चुन सकते हैं और सबसे ज्यादा बिजली की खपत पोर्टेबल करता है। अगर आप बिजली बचत करने के साथ लंबे समय तक एसी का इस्तेमाल करने का सोच रहे हैं, तो बेस्ट है कि आप Split AC चुनें। अगर सस्ता और आसान ऑप्शन चाहिए तो विंडो एसी लें। घर बदलते रहते हैं, तब आप पोर्टेबल एसी लें लेकिन बिल ज्यादा भरना पड़ेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN