Home - Swiggy Instamart से आया एक्सपायर सामान, शिकायत के लिए Google पर नंबर...

Swiggy Instamart से आया एक्सपायर सामान, शिकायत के लिए Google पर नंबर खोजा, खाते से उड़ गए ₹34,000, जानें कैसे हुआ फ्रॉड

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ऑनलाइन शॉपिंग या ग्रॉसरी ऑर्डर में कोई समस्या आने पर ज्यादातर लोग तुरंत Google पर कस्टमर केयर नंबर खोजने लगते हैं। ऐसा करना भारी पड़ सकता है। महाराष्ट्र के नालासोपारा से सामने आए एक मामले में Swiggy Instamart के एक ग्राहक को ₹34,000 का नुकसान हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक ने ग्रॉसरी ऑर्डर की थी, जिसमें उसे एक्सपायर हो चुका Kellogg’s Choco का पैकेट मिला।

शिकायत करने के लिए उसने इंटरनेट पर Swiggy का कस्टमर केयर नंबर खोजा और एक नंबर पर कांटेक्ट किया। इसके बाद फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव ने उसे WhatsApp पर बातचीत करने और एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा। ग्राहक के मुताबिक, इसके बाद उसके बैंक खाते से दो ट्रांजैक्शन में कुल 34,000 रुपए निकल गए। खास बात यह है कि Swiggy अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर साफ कहता है कि कंपनी का कोई आधिकारिक कस्टमर केयर फोन नंबर नहीं है। ऐसे में ऑर्डर से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए ऐप के Help सेक्शन का इस्तेमाल करना चाहिए।

WhatsApp पर APK फाइल डाउनलोड करने के बाद क्या हुआ?

टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक को भेजी गई APK फाइल को शिकायत सुलझाने के प्रोसेस का हिस्सा बताया गया। ग्राहक ने बताए गए निर्देशों का पालन किया। इसके बाद उसके बैंक खाते से दो ट्रांजैक्शन 34,000 रुपए निकाल लिए गए। समस्या तब पैदा हो सकती है, जब कोई अनजान व्यक्ति APK फाइल भेजकर यूजर से उसे इंस्टॉल करने को कहे। फाइल में नुकसान पहुंचाने वाला सॉफ्टवेयर हो सकता है, जो फोन की सुरक्षा और पर्सनल डिटेल के लिए खतरा बन सकता है।

क्या OTP बताए बिना भी हो सकती है ठगी?

यह समझना जरूरी है कि साइबर ठगी केवल OTP बताने से ही नहीं होती। कुछ मामलों में ठग लोगों को संदिग्ध ऐप इंस्टॉल करने, फोन की स्पेशल परमिशन देने, स्क्रीन शेयर करने या अनजान लिंक खोलने के लिए बोलते हैं। इसलिए किसी भी कस्टमर केयर प्रतिनिधि के कहने पर अनजान फाइल डाउनलोड न करें। अगर कोई व्यक्ति शिकायत का समाधान करने के नाम पर ऐप इंस्टॉल करने या फोन की सेटिंग बदलने के लिए कहता है, तो बातचीत रोक देना बेहतर है।

Swiggy का आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर है या नहीं?

Swiggy अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बताता है कि उसका कोई आधिकारिक कस्टमर केयर फोन नंबर नहीं है। कंपनी ऑर्डर से जुड़ी समस्याओं के लिए Swiggy ऐप के Help सेक्शन से संपर्क करने की सलाह देती है। कंपनी ने यह भी चेतावनी दी है कि ग्राहकों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, कार्ड डिटेल, CVV, OTP या UPI PIN शेयर नहीं करना चाहिए। इसलिए इंटरनेट पर दिखने वाला कोई नंबर सिर्फ इसलिए सही नहीं हो जाता कि वह सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखाई दे रहा है। ठग फर्जी वेबसाइट, पोस्ट या लिस्टिंग के जरिए असली कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN