Home rss world hindi UNGA में नेतन्याहू के भाषण से पहले वेस्ट बैंक में वार, US...

UNGA में नेतन्याहू के भाषण से पहले वेस्ट बैंक में वार, US में इजरायली राजदूत के बेटे की हालत गंभीर

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वेस्ट बैंक में बुधवार दोपहर एक हमले में अमेरिका में इजरायली राजदूत येचिएल लीटर के बेटे नेरिया लीटर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र में भाषण से एक दिन पहले हुआ है।

इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में बुधवार दोपहर एक कार हमले में अमेरिका में इजरायली राजदूत येचिएल लीटर के बेटे नेरिया लीटर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र में भाषण से ठीक एक दिन पहले हुआ। नेरिया रिजर्व सैनिक हैं और बेत होरोन बस्ती के पास रूट 443 पर मकाबीम चेकपॉइंट पर तैनात थे। हमलावर की कार ने उन्हें कुचल दिया। उन्हें बेहोश हालत में यरूशलेम के शआरे जेदेक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर इलाज कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि घटना रूट 443 पर बेत होरोन और मोदीन के बीच चेकपॉइंट पर हुई। पुलिस और सेना के अनुसार, 29 वर्षीय फिलिस्तीनी महमूद मुहम्मद महमूद सुलेमान ने अपनी कार तेज गति से पुलिस गश्ती वाहन की ओर बढ़ाई और नेरिया को कुचल दिया। उसके बाद वह कार से उतरकर वहां मौजूद अन्य लोगों पर हमला करने की कोशिश करने लगा। मौके पर तैनात सुरक्षाबलों ने उस पर गोली चला दी। सुलेमान मौके पर ही मारा गया। वह रामल्लाह के पास बेत उर अल-तहता गांव का रहने वाला था।

इसके बाद आपातकालीन टीमों ने नेरिया को मौके पर ही प्राथमिक इलाज दिया। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट आई है। अस्पताल पहुंचने के बाद भी बेहोश थे। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा और सेडेट किया। परिवार ने लोगों से प्रार्थना करने की अपील की है। बता दें कि घटना के वक्त राजदूत येचिएल लीटर उस समय न्यूयॉर्क में थे। बेटे की हालत जानने के बाद वे इजरायल लौट रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि नेरिया को चमत्कार की जरूरत है। मैं आईडीएफ, शआरे जेदेक के डॉक्टरों और इजरायल के लोगों की प्रार्थनाओं का आभारी हूं। मैं प्रार्थना की ताकत में विश्वास करता हूं। जब इजरायल के लोग एकजुट होते हैं तो चमत्कार होते हैं।

गौरतलब है कि यह परिवार पहले भी बड़ा नुकसान झेल चुका है। नेरिया के बड़े भाई मोशे येदिद्या लीटर नवंबर 2023 में गाजा युद्ध में मारे गए थे। मोशे 39 वर्ष के थे और छह बच्चों के पिता थे। वे गाजा के उत्तरी इलाके बेत हानून में सुरंग के पास विस्फोट में शहीद हुए थे। राजदूत लीटर ने बताया कि भाई की मौत के बाद भी नेरिया रिजर्व ड्यूटी करते रहे। 7 अक्टूबर के हमले के बाद उन्होंने कई मोर्चों पर सैकड़ों दिन सेवा दी।

हमास ने इस हमले की तारीफ की। संगठन ने कहा कि यह वेस्ट बैंक और यरुशलम में इजरायली कार्रवाई का स्वाभाविक जवाब है। हमास ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली, लेकिन इजरायल के खिलाफ और विरोध करने की अपील की। बता दें कि यह हमला योम किप्पुर से ठीक पहले हुए एक और हमले के कुछ दिन बाद हुआ। रविवार सुबह अली जाहाव बस्ती के नेतनेल शुक्रुन एक झरने में नहा रहे थे। यह यहूदियों का त्योहार से पहले का रिवाज है। तभी एक हमलावर ने गाड़ी से गोली चला दी। नेतनेल की मौके पर ही मौत हो गई। वे छह बच्चों के पिता थे। उनके 16 वर्षीय बेटे योआव उस समय साथ में थे। नेतनेल ने आखिरी पल में बेटे को चिल्लाकर चेतावनी दी, जिससे उसकी जान बच गई।

आईडीएफ ने रामल्लाह के पास एक अस्पताल से संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने इस मामले में मौत की सजा की मांग की है। आईडीएफ प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जामीर ने कहा कि सेना हाई अलर्ट पर है। सैनिक सभी इलाकों में तैनात हैं, उपवास के दिनों में भी। उनका काम आतंकवाद रोकना, हर खतरे का जवाब देना और नागरिकों की रक्षा करना है। रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने भी नेरिया की जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN