Source :- LIVE HINDUSTAN
WhatsApp एक नए Organizations फीचर पर काम कर रहा है, जिससे कम्युनिटी एडमिन एक ही जगह पर मेंबर्स की पूरी लिस्ट और उनके सब-ग्रुप्स की जानकारी देख सकेंगे। यह फीचर अभी डेवलपमेंट के शुरुआती फेज में है।
WhatsApp यूजर्स के लिए एक नया फीचर तैयार कर रहा है, जिसकी मदद से बड़े कम्युनिटी ग्रुप्स को मैनेज करना आसान हो सकता है। मेटा के इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर आने वाले इस फीचर का नाम Organizations बताया जा रहा है। इसकी मदद से कम्युनिटी एडमिन एक ही जगह पर मेंबर्स की संख्या और उनके अलग-अलग सब-ग्रुप्स से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे। इससे बड़े ग्रुप्स को संभालने में लगने वाला समय कम हो सकता है।
हालांकि, यह फीचर अभी डेवलपमेंट के शुरुआती फेज में है। कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है।
WhatsApp Organizations फीचर कैसे करेगा काम?
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.43.1 में इस नए फीचर से जुड़े संकेत मिले हैं। Organizations फीचर को खास तौर पर उन एडमिन के लिए तैयार किया जा रहा है, जिन्हें बड़ी कम्युनिटी और उससे जुड़े कई ग्रुप्स को मैनेज करना पड़ता है।
इस फीचर के साथ एडमिन को एक अलग इंटरफेस मिल सकता है, जहां ऑर्गेनाइजेशन का नाम, डिस्क्रिप्शन और कुल मेंबर्स की संख्या दिखाई देगी। इसके अलावा, ‘View all’ ऑप्शन पर टैप करके एडमिन पूरी मेंबर लिस्ट देख सकेंगे। वे यह भी जान पाएंगे कि कौन-सा मेंबर किस सब-ग्रुप का हिस्सा है।
फिलहाल, बड़ी WhatsApp कम्युनिटी में मेंबर्स की जानकारी जुटाने के लिए एडमिन को अलग-अलग ग्रुप्स चेक करने पड़ सकते हैं। नया फीचर इस प्रोसेस को आसान बना सकता है और सभी जरूरी जानकारियां एक ही जगह उपलब्ध करा सकता है।
Communities से कैसे अलग होगा नया फीचर?
WhatsApp ने साल 2022 में Communities फीचर पेश किया था। इसकी मदद से यूजर्स एक ही टॉपिक या संगठन से जुड़े कई ग्रुप्स को एक जगह जोड़ सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी स्कूल में अलग-अलग क्लास के ग्रुप्स या किसी कंपनी में अलग-अलग टीमों के ग्रुप्स को एक कम्युनिटी के अंदर रखा जा सकता है।
Organizations फीचर इससे अलग होगा। इसका मकसद बातचीत के लिए नया ग्रुप बनाना नहीं, बल्कि एडमिन को मौजूदा कम्युनिटी मैनेज करने के लिए बेहतर टूल देना है। सामान्य मेंबर्स के लिए ग्रुप्स में बातचीत करने का तरीका पहले जैसा ही रहने की उम्मीद है।
कब तक मिलेगा नया फीचर?
रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp Organizations अभी शुरुआती डेवलपमेंट स्टेज में है और फिलहाल बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है। कंपनी ने यह जानकारी नहीं दी है कि इसे सभी यूजर्स के लिए कब जारी किया जाएगा। यह भी स्पष्ट नहीं है कि भविष्य में इसे आईफोन यानी iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा या नहीं।
इसके अलावा, WhatsApp Android यूजर्स के लिए शेड्यूल्ड मैसेज फीचर पर भी काम कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स पहले से मैसेज तैयार करके उन्हें तय समय पर भेज सकेंगे। हालांकि, इन फीचर्स की उपलब्धता को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



