Home LIFESTYLE NEWS HINDI Winter Skin Care: सर्दियों से पहले स्किन केयर रूटीन में करें ये...

Winter Skin Care: सर्दियों से पहले स्किन केयर रूटीन में करें ये 5 बदलाव, वरना रूखी हो जाएगी त्वचा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में स्किन रूखी, बेजान और खुरदुरी दिखने लगती है, ऐसे में हम कई क्रीम-लोशन इस्तेमाल कर डालते हैं। अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो रुक जाइये। अपने स्किन केयर रूटीन में कुछ बदलाव अभी से कर लीजिए तो आपकी स्किन ड्राई नहीं होगी।

सर्दियों में स्किन की केयर ज्यादा करनी पड़ती है, वरना त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है। नवंबर की शुरुआत से ही हल्की ठंड महसूस होने लगती है और ऐसे में कई लोगों की त्वचा पर खिंचाव, रूखापन, पपड़ी जमने जैसी समस्याएं भी दिखती हैं। ड्राई स्किन और ज्यादा रूखी हो जाती है, तो वहीं ऑयली स्किन भी खुश्क दिखती है। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते अपने स्किन केयर रूटीन को सुधार लिया जाए। सर्दियां जल्द ही शुरू हो जाएंगी और अगर आप विंटर सीजन में ड्राईनेस से स्किन को बचाना चाहती हैं, तो अपने स्किन केयर रूटीन में 5 बदलाव आज से ही करें।

स्किन केयर रूटीन में करें ये 5 बदलाव-

1. चेहरा धोने के लिए गुनगुना पानी

ठंड के मौसम में गर्म पानी से चेहरा धोना सुकून देता है, लेकिन बहुत ज्यादा गर्म पानी त्वचा की नमी और सेफ्टी लेयर को नुकसान पहुंचाता है। इससे चेहरा धोने के बाद त्वचा में खिंचाव, रूखापन और जलन महसूस हो सकती है। इसलिए सर्दियों में भी चेहरा साफ करने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। साथ ही, ऐसा माइल्ड क्लींजर चुनें जो त्वचा की गंदगी साफ करे, लेकिन उसकी नमी को जरूरत से ज्यादा कम न करे।

2. अपनी स्किन टाइप के हिसाब से चुनें मॉइस्चराइजर

सर्दियों में त्वचा को नमी की जरूरत होती है, लेकिन हर स्किन टाइप के लिए एक जैसा मॉइस्चराइजर सही नहीं होगा। रूखी त्वचा वाले लोग क्रीम बेस्ड मॉइस्चराइजर चुन सकते हैं, जबकि ऑयली या एक्ने की समस्या वाली त्वचा के लिए हल्का या जेल बेस्ड मॉइस्चराइजर सही रहता है। चेहरे को फेस वॉश से साफ करने के बाद सुखा लें और फिर मॉइश्चराइजर लगाएं। सुबह और रात में मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं।

3. सर्दियों में भी सनस्क्रीन लगाना न भूलें

कई लोग मानते हैं कि सर्दियों में धूप कम निकलने के कारण सनस्क्रीन लगाने की जरूरत नहीं होती या फिर ठंड वाली धूप काफी हल्की होती है। ऐसा करने से आपकी स्किन पर टैनिंग होती है और त्वचा पर दरारें दिखने लगती हैं। सर्दियों में भी बिना सनस्क्रीन लगाए बाहर ना निकलें। घर से बाहर निकलने से पहले ब्रॉड-स्पेक्ट्रम SPF 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन लगाएं।

4. स्क्रब और एक्सफोलिएशन का इस्तेमाल कम करें

चेहरे पर रूखापन या पपड़ी दिखाई देने पर कई लोग डेड स्किन हटाने के लिए बार-बार स्क्रब करने लगते हैं। लेकिन ऐसा करने से स्किन की सेफ्टी लेयर खराब हो सकती है। इससे जलन, रेडनेस और खुजली बढ़ने के साथ रूखापन भी ज्यादा दिखता है। अगर आपकी स्किन ड्राई हो गई है, तो स्क्रब ना करें।

5. होंठों और हाथों की देखभाल भी करें

सर्दियों में ठंडी हवा और कम नमी का असर सिर्फ चेहरे पर ही नहीं, बल्कि होंठों और हाथों पर भी पड़ता है। होंठ फटने लगते हैं और हाथों की त्वचा रूखी होकर खुरदरी दिखती है। ऐसे में इनकी देखभाल को भी अपने डेली स्किन केयर रूटीन का हिस्सा बनाएं। होंठों पर सादा, बिना खुशबू वाला लिप बाम लगाएं और जरूरत पड़ने पर इसे दोबारा इस्तेमाल करें। हाथ धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें। नहाने के तुरंत बाद शरीर पर बॉडी लोशन या क्रीम लगाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN