Home rss business hindi Wipro के प्रॉफिट में गिरावट, रेवेन्यू में मामूली उछाल… अब शेयर पर...

Wipro के प्रॉफिट में गिरावट, रेवेन्यू में मामूली उछाल… अब शेयर पर नजर

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • विप्रो का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 3,356.3 करोड़ रुपये से 4.7% घटकर 3,199.7 करोड़ रुपये रह गया
  • हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू में उछाल आया है
  • अब शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी

Wipro Q2 result: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो ने सितंबर तिमाही (Q2FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व (रेवेन्यू) 24,752.7 करोड़ रुपये रहा। यह जून तिमाही के 24,478.6 करोड़ रुपये से 1.1% अधिक है। वहीं, पिछले साल की इसी तिमाही के 22,697.3 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें 9.0% की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 3,356.3 करोड़ रुपये से 4.7% घटकर 3,199.7 करोड़ रुपये रह गया। वहीं, सितंबर 2025 के 3,262.4 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें 1.9% की गिरावट आई है।

क्या कहा कंपनी ने?

विप्रो के मुताबिक, सितंबर तिमाही में आईटी सर्विस कैटेगरी ने 261.15 करोड़ डॉलर का राजस्व कमाया जो जून तिमाही की तुलना में 0.1 प्रतिशत कम और सालाना आधार पर 0.3 प्रतिशत अधिक है। विप्रो ने कहा कि अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही में उसे आईटी कैटेगरी से 257.1 करोड़ डॉलर से लेकर 262.5 करोड़ डॉलर का राजस्व मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने बताया कि यूरोप से मिलने वाला रेवेन्यू करेंसी में उतार-चढ़ाव के असर को हटाने के बाद, साल-दर-साल 5.1% बढ़ा है। इसके अलावा, कंपनी ने इस साल एंथ्रोपिक (Anthropic) और गूगल के साथ साझेदारी भी की, जिससे उसे AI से जुड़े रेवेन्यू और बचत के मामले में आगे बढ़ने में मदद मिली।

सितंबर तिमाही में विप्रो की कुल बुकिंग घटकर 2.6 अरब डॉलर रह गई, जो एक साल पहले 4.7 अरब डॉलर थी। स्थिर मुद्रा के आधार पर, इसमें पिछली तिमाही के मुकाबले 22.9% की गिरावट आई है। बड़ी डीलों की बुकिंग 0.7 अरब डॉलर रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 58.6% की भारी गिरावट को दिखाती है।

क्या कहा कंपनी के सीईओ ने?

विप्रो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक श्रीनि पलिया ने कहा, “हम रणनीतिक निवेश कर रहे हैं, जिनके नतीजे अब दिखने लगे हैं। इनसे नए बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत करने, नए ग्राहकों को जोड़ने और मौजूदा ग्राहकों के साथ संबंधों को विस्तार देने की हमारी क्षमता बढ़ रही है।” उन्होंने कहा कि एडवाइजरी बेस्ड और एआई ऑपरेटेड रणनीति से कंपनी को बड़े स्तर पर कारोबारी बदलाव से जुड़े अवसर तैयार करने में मदद मिल रही है।

विप्रो के शेयर पर रहेगी नजर

तिमाही नतीजे के बाद अब शुक्रवार को विप्रो के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। बता दें कि विप्रो ने शेयर बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजे जारी किए। गुरुवार को जब बाजार बंद हुआ तब विप्रो के शेयर की कीमत 173.70 रुपये थी। एक दिन पहले के मुकाबले विप्रो के शेयर की क्लोजिंग 1.58% बढ़कर हुई।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN