Source :- LIVE HINDUSTAN
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के शेयरों में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिली और यह करीब 8% तक चढ़ गया। इस उछाल की वजह यह है कि कंपनी ने एक्सचेंजों को बताया कि उसका बोर्ड बुधवार, 1 जुलाई 2026 को एक अहम मीटिंग करने वाला है। इस मीटिंग में कंपनी पैसे जुटाने के तरीकों पर विचार करेगी और यह तय करेगी कि उसे फंडिंग के लिए कौन सा रास्ता अपनाना चाहिए।
इस खबर के चलते सुबह 10 बजे के आसपास कंपनी का शेयर 112.25 रुपये के डे हाई पर पहुंच गया। हालांकि बाद में 104.60 रुपये तक भी आया, जबकि आज 105 रुपये पर खुला था। दोपहर एक बजे के करीब इसकी उड़ान थोड़ी कम हो गई और 4.14 प्रतिशत ऊपर 108 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था।
कैसे और किन जरियों से जुटाएगी जी पैसे?
बोर्ड की मीटिंग में कंपनी इक्विटी शेयर या ऐसी दूसरी सिक्योरिटिज जारी करने पर चर्चा करेगी, जो बाद में इक्विटी शेयरों में बदल सकती हैं। यह काम वह प्राइवेट प्लेसमेंट , प्रेफरेंशियल इश्यू (खास निवेशकों को तरजीही आधार पर शेयर देना) या इन दोनों के तालमेल से कर सकती है।
बोर्ड यह भी तय करेगा कि इन शेयरों की कीमत यानी इश्यू प्राइस क्या रखी जाएगी और उससे जुड़ी दूसरी शर्तें क्या होंगी। हालांकि, यह सब कुछ तभी होगा जब शेयरहोल्डर्स और सेबी से मंजूरी मिल जाए।
इनसाइडर ट्रेडिंग से बचने के लिए कंपनी ने बंद किया ट्रेडिंग विंडो
कंपनी ने पहले भी 6 जून और 10 जून को इसी मामले पर बोर्ड मीटिंग की थी और अब यह अगली कड़ी है। वहीं, एक अहम अपडेट यह भी है कि कंपनी ने इनसाइडर ट्रेडिंग से बचने के लिए अपनी ट्रेडिंग विंडो को तुरंत बंद कर दिया है।
यह विंडो तब तक नहीं खुलेगी, जब तक कि 30 जून 2026 को खत्म होने वाली तिमाही के नतीजे आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं कर दिए जाते। मतलब साफ है, कंपनी के अंदरूनी लोग अभी शेयरों में कोई लेन-देन नहीं कर सकते।
जी एंटरटेनमेंट शेयर प्राइस हिस्ट्री
आज इस तेजी के बाद शेयर 112.25 रुपये के स्तर पर पहुंच गया, जो दिन का सबसे ऊंचा भाव है। हालांकि, यह अभी भी अपने पिछले साल (जुलाई 2025) के हाई 151.70 रुपये से करीब 26% नीचे है। वहीं, इस साल मार्च में यह शेयर 68.10 रुपये के निचले स्तर पर आ गया था।
पिछले एक महीने में इसमें 15.5% का इजाफा हुआ है, तीन महीने में 45% और छह महीने में 22% की बढ़त हुई है, लेकिन पिछले एक साल में यह 22% टूट चुका है, और अगर पांच सालों का नजरिया देखें तो यह करीब 50% तक गिर चुका है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




