Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Jeff Bezos Vs Elon Musk: बेजोस की कुल संपत्ति अब 365 अरब डॉलर हो गई है
- इसके साथ ही वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं
- पहले स्थान पर एलन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति 987 अरब डॉलर बताई गई है
दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में उथल-पुथल देखने को मिल रही है। अंतरिक्ष कारोबार में निवेश से जेफ बेजोस की संपत्ति बढ़कर 365 अरब डॉलर हो गई है और वह लैरी पेज को पछाड़कर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हो गए हैं। हालांकि, एलन मस्क अब भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, लेकिन अब वह खरबपति नहीं रहे। उनकी दौलत घटकर 987 अरब डॉलर रह गई है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, बेजोस की कुल संपत्ति अब 365 अरब डॉलर हो गई है। इसके साथ ही वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने अल्फाबेट के सह-संस्थापक लैरी पेज को पीछे छोड़ दिया है। पहले स्थान पर एलन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति 987 अरब डॉलर बताई गई है।
जेफ बेजोस के नेटवर्थ में उछाल का कारण
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन की वैल्यूएशन 140 अरब डॉलर पहुंचने के बाद उनकी संपत्ति में 80 अरब डॉलर यानी करीब 7.74 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह दुनिया के सबसे बड़ा नेटवर्थ ग्रोथ में से एक है।
जेफ बेजोस ने वर्ष 2000 में ब्लू ओरिजिन की स्थापना की थी। कंपनी ने हालिया फंडिंग राउंड में पहली बार बाहरी निवेशकों से इक्विटी कैपिटल जुटाई। इस फंडिंग के बाद कंपनी की वैल्यूएशन 140 अरब डॉलर आंकी गई।
ब्लूमबर्ग के अनुसार, कंपनी में बेजोस की हिस्सेदारी करीब 93 प्रतिशत है। इस वैल्यूएशन के आधार पर कंपनी में उनकी हिस्सेदारी का अनुमान पहले से काफी बढ़ गया है। यही बदलाव उनकी कुल संपत्ति के आकलन में उछाल की प्रमुख वजह बना है।
स्पेसएक्स से मुकाबला, लेकिन रेवेन्यू में बड़ा अंतर
एलन मस्क की स्पेसएक्स अंतरिक्ष कारोबार में अब भी बड़ी खिलाड़ी है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स ने पिछले साल करीब 18.7 अरब डॉलर का राजस्व अर्जित किया, जबकि ब्लू ओरिजिन का रेवेन्यू लगभग 800 मिलियन डॉलर रहा।
दोनों कंपनियां रॉकेट लॉन्च, स्पेस और मून से जुड़े प्रोजेक्ट्स में मुकाबला कर रही हैं। निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी ने इस सेक्टर की कंपनियों की वैल्यूएशन और उनके संस्थापकों की संपत्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
1.05 ट्रिलियन डॉलर से घटकर 987 बिलियन डॉलर पर आए एलन मस्क
एलन मस्क का नेटवर्थ अब 1.05 ट्रिलियन डॉलर से घटकर अब 987 बिलियन डॉलर हो गया है। इसके बावजूद वह ताइवान, बेल्जियम, स्वीडन, इजरायल, अर्जेंटीना, सिंगापुर, आस्ट्रिया, यूएई जैसे सैकड़ों देशों से भी अमीर हो हैं। IMF के मुताबिक ताइवान की जीडीपी अभी 976.72 अरब डॉलर है। जबकि, आयरलैंड की जीडीपी 779.38 अरब डॉलर। बेल्जियम की जीडीपी भी एलन मस्क के नेटवर्थ से अभी कम है। इसकी जीडीपी 776.73 अरब डॉलर है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




