Home World News hindi आपस में टकराए 2 हेलीकॉप्टर, ग्रीस में जंगल की आग बुझाते समय...

आपस में टकराए 2 हेलीकॉप्टर, ग्रीस में जंगल की आग बुझाते समय हुआ हादसा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सरकारी टीवी चैनल ईआरटी के मुताबिक, एक क्रू मेंबर को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश में सर्च एंड रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं।

एक तरफ जंगल की भयानक आग से सुलगता देश और दूसरी तरफ आसमान में मदद के लिए मंडराते हेलीकॉप्टरों की खौफनाक टक्कर—ग्रीस इस समय प्रकृति के विकराल रूप का सामना कर रहा है। एथेंस के पश्चिमी इलाके पसाथा में रविवार को राहत और बचाव कार्य में जुटे दो अग्निशमन हेलीकॉप्टर (फायर कॉप्टर) हवा में आपस में टकरा गए।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों हेलीकॉप्टर जंगल में धधकती आग पर पानी छिड़क रहे थे। टीवी चैनलों पर दिखाए गए फुटेज में देखा जा सकता है कि रोटर (पंखे) आपस में टकराते ही एक हेलीकॉप्टर में जोरदार धमाका हुआ और वह आग का गोला बनकर सीधे जमीन पर आ गिरा।

सरकारी टीवी चैनल ईआरटी (ERT) के मुताबिक, एक क्रू मेंबर को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश में सर्च एंड रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं।

100 Km की रफ्तार से चल रही हैं हवाएं

ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चेतावनी दी है कि देश में आने वाले दिन बेहद कठिन रहने वाले हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राज्य इस समय बेकाबू मौसम की मार झेल रहा है, जहां 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल रही हैं।

ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने कहा, “जब हवा इतनी तेज रफ्तार से चल रही हो, तो हमारे पास मौजूद दर्जनों अग्निशमन विमान भी सुरक्षित तरीके से काम नहीं कर पाते।”

दरवाजे खटखटाकर लोगों को निकाल रही पुलिस

राजधानी एथेंस से करीब 70 किलोमीटर दूर लोकप्रिय तटीय गांव पोर्टो जेरमेनो के आसपास आग ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। रात भर में पहाड़ों को पार करते हुए आग एथेंस के बाहरी इलाकों की तरफ बढ़ने लगी, जिसे रोकने के लिए करीब 500 दमकलकर्मी मोर्चे पर डटे हुए हैं।

ग्रीक पुलिस द्वारा जारी वीडियो में अधिकारी मोटरसाइकिल की सायरन बजाते हुए सेंट नेक्टारियोस गांव में घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते दिख रहे हैं। पुलिसकर्मी हर घर का दरवाजा खटखटाकर पूछ रहे हैं- “कोई अंदर है क्या?”

‘मेगाफायर’ में तब्दील हो रही है आग, 3 दमकलकर्मियों की मौत

मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि केवल पोर्टो जेरमेनो और आसपास के इलाकों में ही 10,000 हेक्टेयर से ज्यादा का क्षेत्र जल चुका है। नेशनल ऑब्जर्वेटरी के वरिष्ठ शोधकर्ता थियोडोर जियानारोस ने चेतावनी दी है कि इस तबाही को ‘मेगाफायर’ की श्रेणी में रखा जाएगा।

सिविल प्रोटेक्शन मिनिस्टर इवेंजलोस टूर्नास ने बताया कि दमकल विभाग अपनी क्षमताओं की आखिरी सीमा तक काम कर रहा है। दुखद बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में कर्तव्य निभाते हुए 3 दमकलकर्मियों की जान जा चुकी है (दो क्रीट में और एक पेलोपोनीज में)।

तूफानी हवाओं के कारण ऐसी स्थिति बन गई है कि पानी से भरे विमान न तो ठीक से पानी भर पा रहे हैं और न ही धुएं और टर्बुलेंस के कारण उसे आग पर गिरा पा रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN