Source :- LIVE HINDUSTAN
बांग्लादेश पुलिस ने खुफिया रिपोर्ट के आधार पर पूरे देश में सरकारी वाहनों पर संभावित आतंकवादी हमलों को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। 5 अगस्त की सालगिरह से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बांग्लादेश पुलिस ने खुफिया रिपोर्ट के आधार पर पूरे देश में लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियों के वाहनों पर संभावित आतंकवादी या चरमपंथी हमलों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। देशभर में पुलिस इकाइयों ने जीप, ट्रक और बस समेत सरकारी गाड़ियों की सुरक्षा को विशेष रूप से कड़ा कर दिया है। ऑपरेशन्स कंट्रोल ब्रांच (OCB) ने यह आंतरिक निर्देश जारी किया, हालांकि धमकी के सोर्स का खुलासा नहीं किया गया। यह अलर्ट 5 अगस्त से ठीक पहले आया है। 5 अगस्त 2024 को हिंसक छात्र आंदोलन के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार गिरने की दूसरी सालगिरह है।
पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि ओसीबी के निर्देश के मुताबिक, पूरे बांग्लादेश में पुलिस इकाइयों ने पुलिस वाहनों ( जीप, ट्रक और बसों ) को निशाना बनाकर की जा सकने वाली तोड़फोड़ के खिलाफ सख्त निगरानी शुरू कर दी है। सरकारी वाहनों को चलते समय और पार्क करते समय दोनों ही स्थितियों में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ समय के लिए रोकी गई गाड़ियों को सुरक्षित स्थानों पर निरंतर निगरानी में रखा जाए। कोई भी सरकारी गाड़ी बिना देखरेख के नहीं छोड़ी जानी चाहिए, थानों के अंदर भी नहीं।
बताया जा रहा है कि यह अलर्ट ढाका में हालिया बम संबंधी अफवाहों के बाद जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, बम निपटान इकाई ने मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर एक लावारिस छाते के नीचे छिपाए गए रिमोट-कंट्रोल्ड विस्फोटक उपकरण को निष्क्रिय कर दिया। दो अन्य स्टेशनों पर लावारिस बैग मिलने से भी अलार्म बज उठा, हालांकि बाद में उनमें केवल पान और तंबाकू पाए गए।
काउंटर टेररिज्म एंड ट्रांसनेशनल क्राइम इकाई के प्रमुख मोहम्मद शमशुल हक ने कहा कि उनकी इकाई के पास 5 अगस्त से जुड़े तोड़फोड़ के किसी विशिष्ट प्लान की खुफिया जानकारी नहीं है, फिर भी सतर्कता बरती जा रही है। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्रों के हिंसक प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और वे भारत भाग गई थीं। उनके हटने के बाद बनी अंतरिम सरकार ने कार्यकारी आदेश के जरिए अवामी लीग को चुनावों में भाग लेने से रोक दिया था।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने रविवार को राजशाही में एक पुलिस कार्यक्रम में कहा कि संदिग्ध वस्तुओं से जुड़ी हर घटना की पूरी जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। तोड़फोड़ की घटनाओं में कमी के बावजूद सरकार अलर्ट मोड में है। उनका यह बयान न्यूमबियो के मिड-2026 क्राइम इंडेक्स में ढाका को दक्षिण एशिया का सबसे असुरक्षित और अपराध-प्रवण बड़ा शहर बताए जाने के एक दिन बाद आया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




