Home BUSINESS NEWS HINDI इटली के एयरपोर्ट को खरीदेंगे अडानी! डील के करीब पहुंची ग्रुप की...

इटली के एयरपोर्ट को खरीदेंगे अडानी! डील के करीब पहुंची ग्रुप की कंपनी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इटली के कैटानिया एयरपोर्ट को खरीदने की रेस में गौतम अडानी समूह भी है। अडानी समूह की कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, एयरपोर्ट के प्राइवेटाइजेशन के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया में दूसरे राउंड में पहुंच गई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।

10 बोलीदाताओं में शामिल

रॉयटर्स की खबर के अनुसार, एयरपोर्ट ऑपरेटर SAC के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर निको टोरिसी ने बताया कि अडानी समूह की कंपनी उन 10 बोलीदाताओं में शामिल है जिन्होंने शुरुआती चयन का चरण पार कर लिया है। शॉर्टलिस्ट किए गए बोलीदाताओं में अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, विंची एयरपोर्ट्स, रॉयल शिफोल ग्रुप, कॉरपोरेशन अमेरिका एयरपोर्ट्स, मुंडीज, सेव, 2i एयरोपोर्टी, मैग ओवरसीज इन्वेस्टमेंट, ओमान एयरपोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी और मैक्वेरी यूरोपियन इंफ्रास्ट्रक्चर फंड शामिल हैं।

कैटानिया एयरपोर्ट के बारे में

कैटानिया एयरपोर्ट को चलाने वाली कंपनी SAC ने मई में एयरपोर्ट में कम से कम 51% हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू की है। कैटानिया सिसिली का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है और यात्रियों की संख्या के हिसाब से इटली का पांचवां सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। एयरपोर्ट ऑपरेटर का मालिकाना हक स्थानीय अधिकारियों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास है। यह दक्षिणी सिसिली में छोटे कोमिसो एयरपोर्ट का भी प्रबंधन करता है, जिसके लिए 2049 तक का कॉन्ट्रैक्ट है।

ये खबर ऐसे समय आई है जब अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के भारत में एयरलाइन खरीदने की चर्चा तेज हुई है। बीते दिनों मीडिया में इस तरह की खबरें आई थीं कि एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) से कंसेशन एग्रीमेंट की एक शर्त में छूट मांगी थी। इस शर्त के तहत, मुंबई एयरपोर्ट चलाने वाली कंपनी किसी शेड्यूल्ड एयरलाइन में 10% से अधिक हिस्सेदारी नहीं रख सकती। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी ने यह भी अनुरोध किया था कि भविष्य के एयरपोर्ट कंसेशन एग्रीमेंट से भी ऐसी पाबंदियां हटाई जाएं। हालांकि, अडानी समूह ने इस खबर को खारिज कर दिया था।

क्या कहा अडानी समूह ने?

बीते दिनों अडानी समूह ने मीडिया की उन खबरों और बाजार में जारी अटकलों का खंडन कर दिया जिनमें दावा किया गया था कि वह एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना बना रहा है। समूह ने इन दावों को पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया। अडानी एंटरप्राइजेज के एक प्रवक्ता ने कहा, “हम मीडिया में आ रही खबरों और बाजार में जारी उन अटकलों का स्पष्ट रूप से खंडन करते हैं, जिनमें कहा गया है कि अडानी एंटरप्राइजेज एयरलाइन (विमानन कंपनी) शुरू करने की योजना बना रही है। ये खबरें पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।” प्रवक्ता ने बताया कि अदाणी एंटरप्राइजेज एयरलाइन कारोबार में प्रवेश करने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN