Home rss business hindi इसी महीने आ रहा भारत का सबसे बड़ा IPO! ₹12 लाख करोड़...

इसी महीने आ रहा भारत का सबसे बड़ा IPO! ₹12 लाख करोड़ का होगा वैल्यूएशन

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • जियो प्लेटफॉर्म्स ने अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई, हांगकांग और सिंगापुर में निवेशकों के साथ रोडशो पूरे कर लिए हैं
  • अब कंपनी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले सप्ताह में IPO के अंतिम दस्तावेज सेबी के पास जमा कर सकती है

Jio IPO: डिजिटल सर्विस सेक्टर की बड़ी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयर इस महीने के अंत तक शेयर बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी की वैल्यू करीब 143-146 अरब डॉलर यानी 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है। कंपनी का प्रस्तावित IPO करीब 3.8 अरब डॉलर का हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है। पीटीआई सूत्रों के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स ने अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई, हांगकांग और सिंगापुर में निवेशकों के साथ रोडशो पूरे कर लिए हैं। अब कंपनी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले सप्ताह में IPO के अंतिम दस्तावेज सेबी के पास जमा कर सकती है। कंपनी की ओर से इस मामले में अभी कोई जवाब नहीं मिला है।

वैल्यूएशन 143-146 अरब डॉलर रहने की उम्मीद

विदेशी निवेशकों से मिले अच्छे रिस्पॉन्स के आधार पर जियो प्लेटफॉर्म्स का शुरुआती वैल्यूएशन 143-146 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है। कंपनी भारत में भी निवेशकों के लिए रोडशो कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, दशहरा से पहले एंकर निवेशकों के लिए बोली शुरू हो सकती है। इसके बाद दशहरा के बाद और 23 अक्टूबर से पहले IPO खुलने की संभावना है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग अक्टूबर के अंत तक हो सकती है। बता दें कि विदेशों में हुए रोडशो की अगुवाई जियो प्लेटफॉर्म्स के एमडी और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी और रिलायंस रिटेल वेंचर्स की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने की।

जून में कंपनी ने IPO के लिए जरूरी दस्तावेज जमा किए थे

बता दें कि कंपनी ने जून में IPO के लिए जरूरी दस्तावेज जमा किए थे। दस्तावेजों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स IPO के जरिए 27 करोड़ तक नए शेयर जारी कर सकती है। ये शेयर IPO के बाद कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 2.9 फीसदी होंगे। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसका मुनाफा 15 फीसदी बढ़कर 30,053 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कंपनी की सालाना कमाई 14.5 फीसदी बढ़कर 1,46,885 करोड़ रुपये रही।

क्या कहते हैं जानकार- जानिए

नुवामा रिसर्च के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 से 2029-30 के बीच रिलायंस जियो का मुनाफा हर साल औसतन करीब 18 फीसदी की दर से बढ़ सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस का डिजिटल कारोबार शामिल है। इसमें टेलीकॉम कारोबार सबसे बड़ा हिस्सा है। रिलायंस जियो इन्फोकॉम की भारतीय मोबाइल बाजार में करीब 39.29 फीसदी हिस्सेदारी है और उसके करीब 50.6 करोड़ मोबाइल ग्राहक हैं।

कंपनी का कारोबार

कंपनी अब सिर्फ टेलीकॉम तक सीमित नहीं है। वह क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एंटरप्राइज नेटवर्क जैसी सेवाओं में भी तेजी से विस्तार कर रही है। जियो प्लेटफॉर्म्स में कई बड़े विदेशी निवेशक पहले से निवेश कर चुके हैं। 2020 में मेटा ने करीब 43,574 करोड़ रुपये में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। वहीं, गूगल ने करीब 33,737 करोड़ रुपये में 7.73 फीसदी हिस्सेदारी ली थी।

इसके अलावा सिल्वर लेक, विस्टा इक्विटी पार्टनर्स, जनरल अटलांटिक, KKR, मुबाडाला, ADIA, TPG और क्वालकॉम वेंचर्स जैसे कई बड़े निवेशकों ने भी कंपनी में निवेश किया है। कंपनी में रिलायंस इंडस्ट्रीज की करीब 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, मेटा और गूगल की कुल हिस्सेदारी करीब 17.7 फीसदी है। जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 2008 के बाद रिलायंस समूह का पहला IPO होगा। साथ ही, यह रिलायंस समूह के किसी कंज्यूमर बिजनेस का पहला IPO भी होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN