Source :- LIVE HINDUSTAN

उत्तरी म्यांमार की एक इमारत में रविवार को भीषण धमाका हुआ है। इसमें कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई। यह धमाका खदान में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों के गलती से फट जाने के कारण हुआ।

उत्तरी म्यांमार के एक गांव में स्थित एक इमारत में रविवार को भीषण धमाका हुआ, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए। इस इलाके पर कब्जा रखने वाले विद्रोहियों का कहना है कि यह धमाका खदान में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों के गलती से फट जाने के कारण हुआ। शान राज्य के नामखान जिले में यह धमाका हुआ है। एक बचावकर्मी ने बताया कि कम से कम 55 लोग मारे गए, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, और 70 से ज्यादा लोग घायल हुए। धमाके के बाद इमारत से उठता धुआं काफी दूर से भी दिखाई दिया।

म्यांमार 2021 में सेना द्वारा तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा करने के बाद से ही गृहयुद्ध में फंसा हुआ है, जिसमें सेना लोकतंत्र समर्थक गुरिल्लाओं और शक्तिशाली जातीय अल्पसंख्यक सशस्त्र समूहों के एक समूह से लड़ रही है।

म्यांमार के सबसे शक्तिशाली जातीय अल्पसंख्यक गुटों में से एक, ता’आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब 12:00 बजे (0500 GMT) शान राज्य की नामखाम टाउनशिप में खनन और पत्थर की खदानों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों में अचानक धमाका हो गया, जिसमें कई स्थानीय ग्रामीणों की मौत हो गई।

रविवार को धमाका होने के कुछ ही देर बाद, गांव के ऊपर धुएं का एक विशाल बादल उठता हुआ देखा गया। घटनास्थल से मिले फुटेज में जमीन और मलबे से बना एक विशाल गड्ढा दिखाई दे रहा है, जिसके चारों ओर टूटी चुकीं इमारतें हैं। वहीं, जले हुए मलबे और पेड़ों से अब भी धुआं उठता दिख रहा है। सुरक्षा चिंताओं की वजह से अपनी पहचान गुप्त रखते हुए एक आपातकालीन कर्मी ने बताया कि इस धमाके से कई घर जमींदोज हो गए और घायलों को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में ले जाया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN