Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/03/1200x900/3_june_kangana_1780491585402_1780491591140_09de21ec-82e3-444d-b08e-ea32aa9fbf07.jpg

FWICE ने रणवीर सिंह पर लगाया गया बैन हटा दिया है। हालांकि, इस बीच कंगना रनौत और FWICE के चीफ एडवाइजर के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई है। पढ़िए क्या है पूरा मामला।

एक्टर-पॉलिटिशियन कंगना रनौत पर FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित भड़क गए। दरअसल, ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर लॉन्च पर कंगना ने रणवीर सिंह का सपोर्ट किया था और कहा था कि जब हैसियत बढ़ती है तो दुश्मन भी बढ़ते हैं। ऐसे में अशोक पंडित ने कंगना को जवाब दिया है।

‘फैक्ट्स जाने बिना प्रतिक्रिया दे रहे हैं लोग’

एचटी सिटी से बातचीत में अशोक पंडित ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग पूरे मामले को समझे बिना ही अपनी राय दे रहे हैं। उनके मुताबिक, लोग केवल सुर्खियां देखकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जबकि फेडरेशन के रुख को सही तरीके से समझने की कोशिश नहीं कर रहे।

कंगना को दिया जवाब

कंगना के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोक पंडित ने कहा, ‘इंडस्ट्री के लोगों ने हमें गालियां देना शुरू कर दिया है। कल कंगना ने भी कुछ कहा। लोग पूरा मामला जाने बिना ही टिप्पणी कर रहे हैं। कंगना ने कहा कि उन्हें भी इंडस्ट्री ने बैन किया है। मैं कहना चाहता हूं कि तुम बकवास करती हो, इसलिए मैंने तुम्हें बैन किया है। मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता कि कौन क्या कह रहा है। यहां इंडस्ट्री का एक बड़ा मुद्दा है और लोगों को उसके बारे में पूरी जानकारी भी नहीं है। हम रणवीर सिंह के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि उस घटना की बात कर रहे हैं जो हुई है।’

रणवीर नहीं को निशाना नहीं बना रहा फेडरेशन

अशोक पंडित ने साफ किया कि FWICE, रणवीर सिंह को निशाना नहीं बना रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादों का असर केवल कलाकारों पर नहीं, बल्कि प्रोजेक्ट से जुड़े तकनीशियनों, वर्कर्स और निर्माताओं पर भी पड़ता है इसलिए फेडरेशन का कदम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के हितों को ध्यान में रखकर उठाया गया है।

क्या कहा था कंगना रनौत ने?

कंगना रनौत ने कहा था, ‘आप मुझसे पूछ रहे हैं, मुझे तो सबने बैन कर दिया है। मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि जब आपकी हैसियत बढ़ती है तो आपके दुश्मन भी बढ़ते हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि आप आगे बढ़ें और आपके विरोधी न हों। रणवीर सिंह को यह सोचना चाहिए कि उनकी हैसियत कितनी बढ़ गई है कि उनके इतने दुश्मन हो गए हैं। जिंदगी में आगे बढ़ने के साथ कई तरह की रुकावटें आती हैं और सफलता का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता।’

क्या है पूरा मामला?

पूरा विवाद फिल्म ‘डॉन 3’ से जुड़ा हुआ है। FWICE के अनुसार, फिल्म के निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर ने फेडरेशन से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट से हटने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। इसी शिकायत के आधार पर FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया। हालांकि, बुधवार के दिन उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये निर्देश वापस ले लिए हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN