Home LIFESTYLE NEWS HINDI काजू कतली तो बहुत खाई होगी, अब बिना चीनी वाली ये रेसिपी...

काजू कतली तो बहुत खाई होगी, अब बिना चीनी वाली ये रेसिपी ट्राई करें

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

काजू कतली खाने का मन है लेकिन इसमें पड़ने वाली चीनी से बचना चाहते हैं? तो घर पर इस आसान तरीके से काजू कतली बनाएं। स्वाद और मिठास दोनों मिलेंगे, वो भी बिना अलग से चीनी डाले।

काजू कतली ऐसी मिठाई है जिसे देखकर शायद ही कोई मना कर पाए। पतली-पतली काजू की कतलियां, ऊपर से हल्की चमक और मुंह में जाते ही घुलने वाला स्वाद… त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, यह मिठाई हमेशा पसंद आती है। लेकिन अगर आप चीनी कम करना चाहते हैं, तो बाजार की काजू कतली की जगह घर पर एक आसान तरीका ट्राई कर सकते हैं। इसमें मिठास के लिए एक नेचुरल चीज डाली जाती है, जिससे मिठाई का स्वाद भी अच्छा रहता है और अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती। इसे बनाना भी काफी आसान है, चलिए जान लेते हैं तरीका-

काजू कतली में मिठास के लिए क्या डालें?

इस रेसिपी में अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं है। मिठास के लिए खजूर डाला जाता है। खजूर को पहले थोड़ी देर गुनगुने पानी में भिगोकर रख दें, ताकि वो नरम हो जाएं। इसके बाद इसके बीज निकालकर इसे अच्छी तरह पीस लें। कोशिश करें कि इसका पेस्ट एकदम चिकना हो, ताकि काजू कतली का मिश्रण बनाते समय इसमें गांठें ना रहें।

काजू कतली के लिए क्या-क्या चाहिए?

काजू का पाउडर – 2 कप

बिना बीज वाले खजूर

घी- 1 या 2 चम्मच

इलायची पाउडर – आधा चम्मच

सजाने के लिए केसर या कटे हुए पिस्ता (ऑप्शनल)

काजू को हल्का भूनना जरूरी है!

अब काजू को पीसकर उसका पाउडर तैयार कर लें। इस पाउडर को एक पैन में डालकर धीमी आंच पर करीब दो से तीन मिनट तक हल्का भूनें। ध्यान रखें कि काजू का रंग बदलना नहीं चाहिए। इसे सिर्फ हल्का गर्म करना है। ज्यादा भूनने से काजू का स्वाद बदल सकता है और कतली का रंग भी अच्छा नहीं आएगा।

काजू का पेस्ट

हल्के भुने काजू पाउडर में तैयार किया हुआ खजूर का पेस्ट और इलायची पाउडर डालें। अब इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। धीरे-धीरे यह मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। जब यह पैन के किनारों को छोड़ने लगे और एक साथ आने लगे, तो समझें कि मिश्रण तैयार है। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे, तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डाल सकते हैं। चाहें तो इसमें थोड़ा सा घी भी डाल सकते हैं।

ठंडा करके बेलें

मिश्रण तैयार होने के बाद गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह हाथ से संभालने लायक हो जाए, तो इसे बटर पेपर या किसी साफ लेयर के बीच रखकर बेलें। इसे बहुत पतला ना बेलें। काजू कतली की सामान्य मोटाई जितनी रखें, ताकि काटते समय यह टूटे नहीं।

डायमंड शेप में काटें

बेली हुई काजू की शीट को चाकू की मदद से डायमंड यानी हीरे के आकार में काट लें। चाहें तो ऊपर से थोड़े कटे हुए पिस्ते या केसर से इसे सजा सकते हैं। अब इसे कुछ देर ऐसे ही रहने दें, ताकि कतली अच्छी तरह सेट हो जाए।

क्या यह पूरी तरह शुगर फ्री है?

यहां एक बात समझना जरूरी है। इस रेसिपी में अलग से रिफाइंड चीनी नहीं डाली गई है, लेकिन खजूर में नेचुरल शुगर होती है। इसलिए इसे पूरी तरह शुगर फ्री कहना सही नहीं होगा। इसके अलावा काजू में कैलोरी और फैट अच्छी मात्रा में होता है। इसलिए अगर आप कैलोरी या शुगर को लेकर सावधानी बरत रहे हैं, तो इसे सीमित मात्रा में खाना बेहतर है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN