Source :- LIVE HINDUSTAN
उड़द की खिचड़ी कई लोगों को खाना पसंद होती है लेकिन अगर पानी का सही माप न हो तो खिचड़ी अक्सर गीली या ज्यादा सूखी बन जाती है। ऐसे में जरूरी है कि पानी का सही माप पता हो। तो चलिए बताते हैं उड़द की खिचड़ी में कितना पानी रखना सही होता है।
उड़द दाल की खिचड़ी कई घरों में बनाई और खाई जाती है। कई बार पूरा दाल-चावल बनाने का मन नहीं करता है, तो सिर्फ उड़द दाल की खिचड़ी ही बन जाती है। दही, अचार के साथ ये काफी टेस्टी भी लगती है लेकिन अगर ये खिचड़ी ज्यादा गीली हो जाए तो खाने में मजा नहीं आता। अगर आप रेस्टोरेंट की खिचड़ी कभी खाएंगे तो आपके चावल खिले-खिले और खिचड़ी बिल्कुल परफेक्ट मिलेगी ना गीली होगी और ना ही चावल चिपके हुए। उड़द की दाल पकने में थोड़ा समय ज्यादा लेती है और इसमें पानी का नाप भी बिल्कुल सही होना चाहिए, तभी इसकी खिचड़ी भी परफेक्ट बनेगी। अगर आप उड़द दाल की खिचड़ी बनाती है और अक्सर ये गीली हो जाती है, तो चलिए आज सही कंसिस्टेंसी के लिए हम आपको पानी का सही माप बताते हैं। अगर आप 2 गिलास खिचड़ी बना रहे हैं, तो पानी कितना होना चाहिए जान लीजिए।
खिली-खिली खिचड़ी बनाने के लिए पानी की मात्रा क्या रखें
कुकर में उड़द की दाल बनाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बस आपको पानी की सही मात्रा पता होनी चाहिए। बस फिर आपकी खिचड़ी भी बिल्कुल परफेक्ट बनेगी ना ज्यादा गीली और ना चिपचिपी। खिचड़ी में अगर आप जरूरत से ज्यादा पानी डाल देंगे तो ये गीली हो जाएगी और कम रखेंगे तो दाल-चावल दोनों ही कड़े रहेंगे। अगर आपको उड़द की खिचड़ी बनाने के लिए पानी की सही अनुपात नहीं पता है, तो आज नोट कर लीजिए। अगर आप 2 गिलास उड़द की खिचड़ी बना रही हैं, तो उसी गिलास से 4 गिलास पानी नापकर डालें। उड़द की दाल पकने में समय लेती है और पानी भी ज्यादा सोखती है। इसलिए इसमें थोड़ा सा पानी ज्यादा ही रखना पड़ेगा। अगर आपको कम लगे तो थोड़ा पानी बढ़ा सकते हैं, वरना इतना माप परफेक्ट रहेगा।
2 चीजें डालने से बढ़ेगा स्वाद
अगर आप उड़द की खिचड़ी को घी डालकर फ्राई करके बना रहे हैं, तब तो अच्छा है। वरना पानी-नमक डालने के बाद हींग और घी डालना बिल्कुल न भूलें। हींग से खिचड़ी का स्वाद बेहतर होगा और घी से चावल-दाल चिपकते नहीं है। वैसे तो आप कुकर में पहले घी डालकर उसमें हींग-जीरा चटकाकर खिचड़ी को भून सकते हैं, उसके बाद पानी और नमक डालें। ये तरीका भी बनाने का है, इससे भी स्वाद अच्छा मिलेगा।
कितनी सीटी लगाकर पकाएं
उड़द की खिचड़ी बनाने के लिए आपको कुकर में करीब 3-4 सीटी लगानी है। उड़द की दाल पकने में थोड़ा समय लेती है, इसलिए इतनी सीटी लगाकर फिर गैस बंद करें। जब सीटी खत्म हो जाए तब खिचड़ी चेक करें और खासतौर पर उड़द की दाल को उंगली से दबाकर देखें। अगर दाल आसानी से दब रही है, तो खिचड़ी पक गई है, अगर ये कड़ी है तो 1 सीटी फिर से लगाएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







