Home rss business hindi केंद्रीय कर्मचारियों को इस बार मिलेगी एडवांस सैलरी, मोदी सरकार का बड़ा...

केंद्रीय कर्मचारियों को इस बार मिलेगी एडवांस सैलरी, मोदी सरकार का बड़ा ऐलान

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर केंद्रीय कर्मचारी हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, केंद्रीय कर्मचारियों की सितंबर की सैलरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को किया जा सकता है। वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी सूचना के मुताबिक यह भुगतान एडवांस माना जाएगा। महीने की वास्तविक सैलरी, मजदूरी और पेंशन तय होने के बाद अगर किसी तरह का समायोजन जरूरी हुआ तो उसे अक्टूबर 2026 की सैलरी या मजदूरी से किया जाएगा। यह व्यवस्था रक्षा, डाक और दूरसंचार समेत सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स पर लागू होगी।

क्यों लिया गया है फैसला?

दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक हड़ताल के अलावा 26 और 27 सितंबर को वीकेंड होने के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। हालांकि, सरकार ने बैंकों को रविवार, 27 सितंबर को भी सामान्य रूप से काम करने के निर्देश दिए हैं।

28-30 सितंबर की हड़ताल बरकरार

बता दें कि देशभर की बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने का फैसला बरकरार रखा है। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डी. एन. त्रिवेदी ने बुधवार के दी। त्रिवेदी ने बताया कि केंद्रीय उप मुख्य श्रम आयुक्त (डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर) के समक्ष आयोजित सुलह बैठक भी बेनतीजा रही। बैठक में सरकार एवं इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) ने अपने-अपने पूर्व रुख में कोई बदलाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू करने की है। वर्तमान व्यवस्था के तहत दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि यूनियनें सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग कर रही हैं।

हड़ताल के दौरान सरकारी बैंकों की शाखाओं में नकद जमा, नकद निकासी, पासबुक अपडेट, चेक क्लियरिंग तथा अन्य शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी।

त्रिवेदी ने कहा कि स्टेट बैंक से लेकर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों तक विभिन्न बैंकों ने सोशल मीडिया और ग्राहक संदेशों के माध्यम से एडवाइजरी जारी कर ग्राहकों से 25 सितंबर तक अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य निपटा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हड़ताल का असर निजी बैंकों के कामकाज पर भी पड़ सकता है।

इधर, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 27 सितंबर 2026 (रविवार) को देशभर में बैंक शाखाओं, एटीएम लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की अनुमति दे दी है, ताकि आम जनता की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित न हों। आरबीआई ने निर्देश दिया है कि बैंक संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए रविवार को अपनी शाखाएं, कार्यालय, एटीएम लिंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट पूरी तरह चालू रखें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN