Home BUSINESS NEWS HINDI कोटक महिंद्रा की झोली में आया यह चर्चित बैंक, ग्राहकों की जमा...

कोटक महिंद्रा की झोली में आया यह चर्चित बैंक, ग्राहकों की जमा रकम का क्या होगा?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Kotak Mahindra Bank News: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज कोटक महिंद्रा बैंक ने भारत में डॉयचे बैंक के रिटेल बैंकिंग, प्राइवेट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार को खरीदने के लिए एक अहम समझौता किया है। इस समझौते के बाद डॉयचे बैंक के ग्राहकों के मन में कई तरह के सवाल होंगे। इनमें सबसे बड़ा सवाल बैंक में जमा रकम को लेकर होगा। सवाल है कि इस समझौते के बाद डॉयचे बैंक में जमा रकम का क्या होगा, आइए इसे समझ लेते हैं।

क्या होगा ग्राहकों की जमा रकम का?

दरअसल, इस अधिग्रहण के तहत कोटक महिंद्रा बैंक की झोली में लगभग 29000 करोड़ रुपये (लगभग 2.7 अरब यूरो) के लोन, 16000 करोड़ रुपये (लगभग 1.5 अरब यूरो) की जमा राशि और 10500 करोड़ रुपये (लगभग 1 अरब यूरो) की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) वाला कारोबार आएगा। इस अधिग्रहण के साथ लगभग 1.5 लाख ग्राहक कोटक बैंक से जुड़ेंगे। इसके साथ ही अभी इस बिजनेस में काम कर रहे लगभग 1,000 कर्मचारी भी बैंक के साथ जुड़ जाएंगे। कहने का मतलब है कि डॉयचे बैंक के ग्राहक से लेकर कर्मचारी तक कोटक महिंद्रा बैंक के बैनर तले होंगे।

कितने रकम की डील?

आपको बता दें कि यह हाल के वर्षों में देश के फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर के सबसे बड़े अधिग्रहणों में से एक है। इस अधिग्रहण की कीमत का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन ET की रिपोर्ट के अनुसार लगभग 4,500 करोड़ रुपये में डील हुई है। उम्मीद है कि यह डील सितंबर 2027 तक पूरी हो जाएगी, बशर्ते इसके लिए रेगुलेटरी समेत अन्य मंजूरी मिल जाए। डील पूरी होने पर उम्मीद है कि इससे कोटक महिंद्रा बैंक के रिटर्न-ऑन-इक्विटी (ROE) और डॉयचे बैंक के कॉमन इक्विटी टियर-1 (CET1) में बढ़ोतरी होगी।

कोटक महिंद्रा बैंक को क्या फायदा?

इस अधिग्रहण से कोटक महिंद्रा बैंक के रिटेल बैंकिंग बिजनेस को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे होम लोन, पर्सनल लोन, MSME लोन, डिपॉजिट और वेल्थ मैनेजमेंट में उसकी मौजूदगी बढ़ेगी। डॉयचे बैंक की बात करें तो इसका भारत में रिटेल बिजनेस लगभग 17 ब्रांच के जरिए चलता है और एलीट ग्राहकों के बीच इसकी खास पहचान है। इस अधिग्रहण से कोटक को प्रीमियम बैंकिंग सेगमेंट में तुरंत बड़ा दायरा मिल जाएगा।

कोटक बैंक में नए एमडी की तलाश

कोटक महिंद्रा की ताजा डील इसलिए भी अहम है क्योंकि बैंक नये प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की तलाश शुरू कर दी है। दरअसल, मौजूदा एमडी एवं सीईओ अशोक वसवानी ने बैंक के निदेशक मंडल को बताया है कि वह 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहे अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद दोबारा इस पद पर नियुक्ति से इच्छुक नहीं हैं।

बता दें कि बैंक का राजस्व 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में 14,174.77 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 4,026.55 करोड़ रुपये रहा था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN