Source :- LIVE HINDUSTAN
खाना बनाते हुए तेल से जुड़ी कुछ गलतियां बड़ी आम हैं। ये छोटी-छोटी बातें तेल की गुणवत्ता को खराब करती हैं, जिससे तेल में हानिकारक कंपाउंड बन सकते हैं। डॉ शालिनी के मुताबिक तेल को स्टोर करने से ले कर गर्म करने तक इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
रोजाना खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कुकिंग ऑयल हमारी सेहत पर काफी असर डालता है। अक्सर लोग तेल की क्वालिटी और ब्रांड पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन खाना बनाते हुए कुछ ऐसी गलतियां दोहरा रहे होते हैं, जिससे तेल की गुणवत्ता खराब हो सकती है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए डॉ शालिनी सिंह सालुंके बताती हैं कि तेल में खाना बनाते हुए अगर आप ये 5 गलतियां करते हैं, तो यही तेल आपके लिए जहर बन जाता है। लगभग 90 प्रतिशत घरों में ये गलतियां काफी आम है, जिस वजह से लोगों को हेल्थ से जुड़ी कई परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। लंबे समय से तेल का इसी तरह इस्तेमाल किया जाता रहे तो सेहत के लिए जोखमी और बढ़ सकता है। आइए जानते हैं डॉक्टर ने ऐसी किन 5 गलतियों के बारे में बताया है।
डॉक्टर से बताई तेल को जहरीला बनाने वाली 5 गलतियां
गलती 1- प्लास्टिक की थैली या बोतल में तेल रखना
बहुत से लोग कुकिंग ऑयल को या तो प्लास्टिक की थैली में ही रखा रहने देते हैं या फिर प्लास्टिक की बोतल में स्टोर कर देते हैं। डॉक्टर कहती हैं कि ऐसा करने से प्लास्टिक तेल के अंदर सीप इन कर सकता है, जिससे टॉक्सिक केमिकल बन सकते हैं। तेल को स्टील के बर्तन या डब्बे में रखना सबसे सुरक्षित रहता है।
गलती 2- तेल को सीधी धूप के संपर्क में रखना
डॉ शालिनी बताती हैं कि तेल को सीधी धूप के सम्पर्क में कभी नहीं रखना चाहिए। दरअसल सूरज की रोशनी और गर्मी के लगातार संपर्क में आने से तेल में ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया तेज हो सकती है, जिससे तेल की गुणवत्ता खराब होने लगती है। बेहतर होगा कि तेल को किसी ठंडी और अंधेरी जगह पर स्टोर किया जाए।
गलती 3- तेल को बार-बार या ज्यादा गर्म करना
डॉक्टर कहती हैं कि तेल को बार-बार गर्म करने से और तेज गर्म से भी बचना चाहिए। अगर आप तेल में कुछ भी बना रहे हैं तो गैस की फ्लेम मीडियम रखें। हाई फ्लेम में तेल जल्दी गर्म हो कर अपने स्मोक प्वाइंट तक पहुंच सकता है, जिससे ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया तेज होने लगती है और हानिकारक कंपाउंड बन सकते हैं। इसके अलावा एक ही तेल को बार-बार गर्म करने से भी बचना चाहिए।
गलती 4- हमेशा एक ही तेल का इस्तेमाल करना
ज्यादातर लोग हमेशा एक ही तरह का तेल खाते रहते हैं, जो सही नहीं है। डॉक्टर कहती हैं कि हर दो से तीन महीने में आपको अपना ऑयल बदलना चाहिए। कभी सरसों का तेल लें, कभी सूरजमुखी का तो कभी मूंगफली का। किसी एक तेल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें।
गलती 5- रिफाइंड तेल का इस्तेमाल करना
डॉक्टर के मुताबिक रिफाइंड तेल का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए। दरअसल तेल को रिफाइन करने के प्रॉसेस में तेज गर्मी और केमिकल प्रोसेसिंग का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे तेल की गुणवत्ता और पोषक तत्व लगभग ना के बराबर बचते हैं। इसकी जगह हमेशा कोल्ड प्रेस्ड या वुड प्रेस्ड ऑयल का इस्तेमाल करना चाहिए।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




