Source :- LIVE HINDUSTAN
सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद ITC के शेयर में आज गुरुवार को भी हलचल देखने को मिल सकती है। इसके पहले बुधवार 23 सितंबर 2026 के कारोबार सत्र में कंपनी के शेयर तेजी देखने को मिली थी, जब कंपनी का शेयर करीब 1.6% बढ़कर ₹270.15 के आस-पास पहुंच गया था। बुधवार को कारोबार के दौरान ITC के शेयर ने ₹271.05 का ऊपरी स्तर भी छुआ था। इस तेजी के साथ सिगरेट सेक्टर के दूसरे शेयरों में भी खरीदारी दिखने को मिली थी। बाजार में यह हलचल ऐसे समय आई है, जब कंपनियां बढ़े हुए टैक्स और एक्साइज ड्यूटी के असर के बीच सिगरेट की कीमतों में लगातार बदलाव कर रही हैं। आइए जानते हैं कि कंपनी ने सिगरेट की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी की है।
10 सिगरेट वाले पैक की कीमत ₹135
ITC के शेयर में तेजी की प्रमुख वजह कंपनी के गोल्ड फ्लेक प्रीमियम (Gold Flake Premium) सिगरेट की कीमत में हालिया बढ़ोतरी को माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर में 10 सिगरेट वाले गोल्ड फ्लेक प्रीमियम (Gold Flake Premium) पैक की कीमत ₹125 से बढ़ाकर ₹135 की गई है, यानी कीमत में करीब 8% का इजाफा हुआ है। यह इस साल इस ब्रांड की दूसरी कीमत बढ़ोतरी है। इससे पहले जून में भी इसकी कीमत ₹115 से बढ़ाकर ₹125 की गई थी।
फरवरी 2026 से सिगरेट पर 40% GST
गोल्ड फ्लेक प्रीमियम (Gold Flake Premium) की कीमत में लगातार बढ़ोतरी से बाजार में यह संकेत गया है कि कंपनियां बढ़ी हुई लागत और टैक्स के प्रभाव को कुछ हद तक कीमतों के जरिए संभालने की कोशिश कर रही हैं। फरवरी 2026 से सिगरेट पर 40% GST के साथ नया अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी ढांचा लागू हुआ था। इसके बाद कई सिगरेट कंपनियों ने अपने अलग-अलग ब्रांडों की कीमतों में बदलाव किया है, जिसका असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला है।
अन्य सिगरेट शेयरों में भी तेजी
ITC के अलावा अन्य सिगरेट शेयरों में भी तेजी रही। NSE पर बुधवार के कारोबार सत्र में गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया (Godfrey Phillips India) करीब 2.29% चढ़ गया था, जबकि इस स्टॉक ने पिछले 5 दिन में 3.36% तेजी के साथ 2,004.00 का लेवल छुआ है। इसके अलावा VST Industries में करीब 1.80% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि यह शेयर पिछले 5 कारोबारी सत्रों में 3.01% की तेजी के साथ 209.40 रुपये तक पहुंच गया है, यानी तेजी सिर्फ ITC तक सीमित नहीं रही और पूरे सिगरेट स्टॉक्स सेगमेंट (cigarette stocks segment) में खरीदारी का माहौल दिखाई दिया। बाजार की नजर अब इस बात पर रहेगी कि कीमतों में बढ़ोतरी का असर सिगरेट वैल्युम (cigarette volumes) और कंपनियों के मार्जिन्स पर किस तरह पड़ता है।
ITC शेयर का हालिया प्रदर्शन
ITC के शेयर का हालिया प्रदर्शन हालांकि पूरी तरह एकतरफा नहीं रहा है। 22 सितंबर को शेयर करीब 0.45% गिरकर ₹265.80 पर बंद हुआ था, जबकि 21 सितंबर को इसमें लगभग 1.79% की तेजी आई थी। 23 सितंबर को शेयर ₹270.15 पर बंद हुआ। इसका 52-वीक रेंज लगभग ₹255.50 से ₹426.40 रहा है। इससे पता चलता है कि हाल की तेजी के बावजूद शेयर अपने 52-वीक हाई से काफी नीचे है।
सिगरेट कारोबार से जुड़े कई फैक्टर अहम
आगे ITC शेयर प्राइस के लिए सिगरेट कारोबार से जुड़े कई फैक्टर महत्वपूर्ण रहेंगे। इनमें सिगरेट प्राइसिंग, टैक्स और एक्साइस ड्यूटी का असर, बिक्री की वैल्युम ग्रोथ और कंपनी के मार्जिन प्रमुख हैं। हालिया प्राइस हाइक ने सिगरेट स्टॉक्स में सेंटीमेंट को सहारा दिया है, लेकिन इसका वास्तविक असर आने वाले फाइनेंशियल रिजल्ट और बिक्री के आंकड़ों से ज्यादा स्पष्ट होगा। निवेशकों के लिए शेयर में किसी भी तेजी को केवल एक फैक्टर के आधार पर देखने के बजाय कंपनी के ओवरऑल बिजनेस परफॉर्मेंस पर नजर रखना जरूरी होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




