Home LIFESTYLE NEWS HINDI नए तरीके से बनाएं ढाबा स्टाइल सेव-टमाटर की सब्जी, स्वाद में है...

नए तरीके से बनाएं ढाबा स्टाइल सेव-टमाटर की सब्जी, स्वाद में है एकदम लाजवाब

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

खाना बनाने का समय कम हो तो झटपट सेव टमाटर की सब्जी बनाकर ट्राई करें। ये सब्जी स्वाद में काफी अच्छी लगती है और इसे बनाना काफी आसान है। सीखिए फटाफट बनने वाली रेसिपी-

रोजाना एक जैसे स्वाद वाली सब्जियां या दाल खाकर बोरियत होने लगे तो आप तुरंत सेव टमाटर सब्जी बनाकर तैयार करें। चटपटी टमाटर की ग्रेवी और क्रंची सेव मिलाकर तैयार की गई सब्जी स्वाद में अच्छी लगती है। वैसे तो सेव-टमाटर की सब्जी को हर कोई अलग-अलग तरीके से बनाता है, लेकिन यहां हम जिस रेसिपी को शेयर कर रहे हैं उससे सब्जी झटपट बनकर तैयार होगी और ये खासतौर से तीखा खाना पसंद करने वालों को पसंद आएगी। यहां सीखिए नए तरीके से सेव टमाटर की सब्जी बनाने का तरीका।

सेव टमाटर की सब्जी बनाने के लिए सामग्री

-2 बड़े चम्मच तेल

-1 छोटा चम्मच जीरा

-आधा छोटा चम्मच सरसों

-1/4 छोटा चम्मच हींग

-5 से 6 काली मिर्च

– 2 से 3 लौंग

– 1 मीडियम प्याज कटी हुई

-1 इंच अदरक

-5 से 6 कलियां लहसुन

-2 हरी मिर्च

-आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

-1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर

-1 कप टमाटर की प्यूरी

-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर

-आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर

-आधा छोटा चम्मच गरम मसाला

-आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर

-2 बड़े चम्मच फ्रेश क्रीम

– 2 कटे हुए बड़े टमाटर

-2 बीच से कटी हरी मिर्च

-2 बड़े चम्मच हरा धनिया

-1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी

-1 से डेढ़ कप गर्म पानी

– स्वादानुसार नमक

-डेढ़ कप गठिया/सेव

सेव टमाटर की सब्जी बनाने की विधि

– झटपट बनने वाली इस सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले अदरक को छील लें और फिर इसे काट लें। इसके पतले और लंबे लच्छो में काटें। इसके अलावा प्याज को भी बारीक काट लें। लहसुन और हरी मिर्च को आप काटकर या फिर कूटकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। जब तैयारी हो जाए तो सब्जी छौंककर तैयार करें।

– सब्जी बनाने के लिए एक पैन में तेल गरम करें। इसमें जीरा, सरसों, हींग, काली मिर्च, लौंग और कटा हुआ प्याज डालें, साथ ही कुटा हुआ अदरक, लहसुन और हरी मिर्च भी डालें। इसे कम से कम 2 से 3 मिनट तक पकाएं।

-जब ये चीजें अच्छे से पक जाएं तब इसमें हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें, फिर टमाटर की प्यूरी डालें और इसे तेल अलग होने तक पकाएं।

-फिर इसमें धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला और अमचूर पाउडर के साथ फ्रेश क्रीम डालें। दोबारा तेल अलग होने तक पकाएं।

-कटे हुए टमाटर, बीच से कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और कसूरी मेथी डालें। अब इसमें गर्म पानी डालें, नमक डालें और सब कुछ लगभग 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।

-आखिर में सेव और ताजा हरा धनिया डालें। हल्के हाथ से मिलाएं और तुरंत परोसें। रोटी, पराठा या नान के साथ इस सब्जी का स्वाद काफी अच्छा लगता है।

टिप-सब्जी को पहले से बनाकर रखना चाहते हैं तो इसमें सेव ना डालें। सेव सर्व करने से पहले डालना ही बेहतर है। ऐसा इसलिए क्योंकि सेव सब्जी से पानी को सोख लेते हैं। ऐसे में जब आप इन्हें पहले से ग्रेवी में डाल देंगे तो ये सारा पानी सोख लेंगे और सब्जी बहुत ज्यादा गाढ़ी हो जाएगी। इसलिए जब खाना हो तभी ग्रेवी में सेव डालें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN