Home rss sports hindi न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का ऐतिहासिक कारनामा, T20I सीरीज जीतने की लगाई...

न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का ऐतिहासिक कारनामा, T20I सीरीज जीतने की लगाई हैट्रिक

5
0

Source :- KHABAR INDIATV

न्यूजीलैंड की धरती पर टीम इंडिया का जलवा बरकरार है। कीवी टीम ने 5वें और आखिरी T20I मुकाबले में भारत को भले ही सात विकेट से शिकस्त दे दी, लेकिन सीरीज की ट्रॉफी पर कब्जा भारतीय टीम का ही रहा। इस जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड में लगातार तीसरी बार द्विपक्षीय T20 इंटरनेशनल सीरीज अपने नाम कर इतिहास रच दिया। मेन्स क्रिकेट में इससे पहले साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीम ने न्यूजीलैंड में लगातार तीन T20I सीरीज जीतने का कारनामा किया था। अब टीम इंडिया ने भी इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली है।

भारत ने 1 नवंबर को खेले गए पांचवें T20I मुकाबले में हार के बावजूद पांच मैचों की सीरीज 3-2 से जीत ली। इससे पहले भारतीय टीम ने 2020 में न्यूजीलैंड को उसी की धरती पर 5-0 से करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद 2022 में भी भारत ने 1-0 से सीरीज अपने नाम की थी। अब 2026 में 3-2 की जीत के साथ टीम इंडिया ने इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए सीरीज जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है।

भारत ने दिया 192 रनों का लक्ष्य

हैमिल्टन में खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाल लिया। ईशान ने महज 32 गेंदों पर 61 रन ठोक दिए, जबकि श्रेयस अय्यर ने सिर्फ 23 गेंदों में 50 रनों की तूफानी पारी खेली।

दोनों बल्लेबाजों की कोशिशों के बावजूद भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। उन्होंने 19 रन देकर चार भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। कीवी गेंदबाजों की वापसी के चलते भारत निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 191 रन ही बना सका।

192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को टिम सीफर्ट ने शानदार शुरुआत दिलाई। खराब फॉर्म से जूझ रहे सीफर्ट ने इस मुकाबले में जबरदस्त वापसी की और भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 50 गेंदों पर 93 रनों की शानदार पारी खेली। वह अपने शतक से महज सात रन दूर रह गए।

ग्लेन फिलिप्स ने बल्ले से दिखाया दम

दूसरी ओर, ग्लेन फिलिप्स ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने 38 गेंदों पर नाबाद 65 रन बनाकर न्यूजीलैंड की जीत पक्की कर दी। इस दौरान फिलिप्स ने सीरीज में अपना चौथा 50 प्लस स्कोर भी पूरा किया, जिसमें एक शतक शामिल रहा। न्यूजीलैंड ने महज 18 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और आखिरी मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। हालांकि, इस हार से भारतीय टीम की सीरीज जीत पर कोई असर नहीं पड़ा। 3-2 की जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड में T20I इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया ने रचा इतिहास, एक कैलेंडर ईयर में ठोक दिए 400 T20I सिक्स, दुनिया की पहली टीम बनी

ग्लेन फिलिप्स ने मचाया तहलका, टीम इंडिया के खिलाफ रनों का अंबार लगाकर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV