Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तान में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई है। वहीं भूकंप में किसी प्रकार के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
पाकिस्तान में शनिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भारत के सीमाई इलाकों तक भी भूकंप का असर देखा गया है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलजी के मुताबिक भूकंपी की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 थी। हालांकि इस भूकंप में अब तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे बलूचिस्तान प्रांत में खुजदार शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूरी पर भूकंप का केंद्र था। भूकंप के केंद्र की गहराई मात्र 10 किलोमीटर थी। इस तरह के भूकंप आम तौर पर सतह पर ज्यादा तबाही मचाते हैं। पाकिस्तान के सरकारी विभाग के मुताबिक कई इमारतों में दरारें आ गई हैं। वहीं जब भूकंप आया तो लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
दरअसल जब भूकंप का केंद्र जमीन के ज्यादा नीचे होता है तो ऊर्जा दूर तक फैलती है और इसका असर दूर तक तो होता है लेकिन झटकों की तीव्रता कम होती है। बलूचिस्तान यूरेशियन और अरेबियन टेक्टोनिक प्लेट के जॉइंट पर है। ऐसे में यहां भूकंप की संभावना ज्यादा रहती है। खुजदार के आसपास कई ऐसी फालट्सहैं जिनमें विचलन होने से भूकंप आता है। यहां सामान्य तौर पर 5 से 6 तीव्रता के भूकंप आते हैं।
शुरुआती रिपोर्ट में पता चला है कि कुछ इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि किसी की मौत की जानकारी नहीं मिली है। भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स की आशंका से लोग भयग्रस्त हैं।
हिमाचल में भी भूकंप के झटके
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार तड़के 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी भूकंप के झटके राज्य की राजधानी शिमला से लगभग 130 किलोमीटर दूर रामपुर क्षेत्र में महसूस किए गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, तड़के करीब चार बजकर 36 मिनट पर कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। उसने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने बताया कि भूकंप से जान-माल का किसी प्रकार का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बार-बार भूकंप आने से स्थानीय लोग चिंतित हैं। हाल में 26 अगस्त की सुबह भी शिमला में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




