Home LIFESTYLE NEWS HINDI बहुत आसान है व्रत वाले फलाहारी मलाई कोफ्ता की रेसिपी, मिनटों में...

बहुत आसान है व्रत वाले फलाहारी मलाई कोफ्ता की रेसिपी, मिनटों में तैयार होगी टेस्टी सब्जी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि का आज आखिरी व्रत है और ऐसे में अपना उपवास खोलने के लिए अगर आप कुछ टेस्टी बनाकर खाना चाहते हैं तो फलाहारी मलाई कोफ्ता बनाकर खाएं। यहां सीखिए इसे बनाने का तरीका।

नवरात्रि के 9 दिनों के त्योहार में आज अष्टमी का दिन है। ऐसे में आज आखिरी व्रत है और अगर आप कुछ टेस्टी खाकर अपना व्रत खोलना चाहते हैं तो फलाहारी मलाई कोफ्ता बनाकर तैयार करें। बिना प्याज लहसुन के बनने वाली ये सब्जी व्रत में कुट्टू की पूड़ी के साथ या फिर कुट्टू के चीले के साथ सर्व की जा सकती है। सीखिए इसे कैसे बनाएं।

फलाहारी मलाई कोफ्ता बनाने की सामग्री

कोफ्ते के लिए-

3 मीडियम आकार के उबले और मैश किए हुए आलू

1 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर

1 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक

1 बारीक कटी हरी मिर्च

2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया

1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर

1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला

स्वादानुसार सेंधा नमक

2-2 बड़े चम्मच किशमिश और कटे हुए काजू

2-3 बड़े चम्मच कुट्टू का आटा (थोड़ा सूखा आटा कोटिंग के लिए अलग रखें)

तलने के लिए तेल

टमाटर की प्यूरी के लिए-

2 बड़े चम्मच तेल

2 हरी इलायची

1 इंच अदरक

4 कटे हुए टमाटर

2 बड़े चम्मच काजू

करी के लिए-

2 बड़े चम्मच घी और 2 बड़े चम्मच तेल

1 छोटा चम्मच जीरा

1-2 बीच से कटी हुई हरी मिर्च

1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (देगी मिर्च)

1 छोटा चम्मच सेंधा नमक और 1 छोटा चम्मच चीनी

¼ कप क्रीम

½ कप या उससे थोड़ा ज़्यादा पानी

1 बड़ा चम्मच ताज़ा हरा धनिया

फलाहारी मलाई कोफ्ता बनाने की विधि

कोफ्ते की तैयारी-

  • मलाई कोफ्ते बनाने के लिए एक बाउल में आलू, पनीर, अदरक, हरी मिर्च, हरा धनिया, चाट मसाला, काली मिर्च, लाल मिर्च और नमक मिलाएं। इसे अच्छी तरह मिक्स करें। अगर मिक्स नरम लगे, तो इसमें 2 बड़े चम्मच कुट्टू का आटा मिला लें।
  • छोटे आकार के कोफ्ते बनाएं। कोफ्ते के बीच में थोड़ी जगह बनाकर उसमें 1 किशमिश और 2-3 काजू भरें और अच्छी तरह बंद कर दें। इसी तरह बाकी कोफ्ते भी तैयार कर लें।
  • कोफ्तों को कुट्टू के आटे में लपेटें। एक्सट्रा आटा झाड़ दें और मीडियम गरम तेल में तलें। एक बार में 3 से 4 कोफ्ते ही डालें ताकि उन्हें पकने के लिए पर्याप्त जगह मिले। जब कोफ्ते भूरे होने लगें, तो उन्हें पलट दें। कोफ्ते चारों तरफ से एक समान सुनहरे भूरे होने चाहिए। इन्हें तेल से निकालकर अलग रख लें।

मलाई कोफ्ते की करी की तैयारी-

  • कोफ्ते बनाने के लिए एक पैन में तेल गरम करें और उसमें हरी इलायची, अदरक, टमाटर और काजू डालकर तब तक पकाएं जब तक कि टमाटर अच्छी तरह नरम न हो जाएं। जल्दी पकाने के लिए आप पैन को ढक भी सकते हैं। मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर ब्लेंडर में डालकर एक चिकना पेस्ट बना लें। फिर इसे अलग रख दें।
  • एक दूसरी कड़ाही में घी और तेल का मिक्स गरम करें। इसमें जीरा, हरी मिर्च और लाल मिर्च पाउडर डालकर भूनें। इसे चलाएं और फिर टमाटर की प्यूरी और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
  • इसे तब तक पकाएं जब तक कि मिक्स गाढ़ा न होने लगे और तेल अलग न हो जाए। खट्टे स्वाद को बैलेंस करने के लिए इसमें चीनी डालें। अब इसमें क्रीम डालें और पानी मिलाकर गाढ़ापन ठीक करें, फिर 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
  • लास्ट में हरा धनिया डालें और मिलाएं। एक डिश में रखे कोफ्तों के ऊपर यह गर्म ग्रेवी डालें। क्रीम और हरे धनिए की पत्तियों से सजाएं। इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें या 2 मिनट के लिए माइक्रोवेव करें और फिर परोसें।

नोट- सब्जी बनाने में इस्तेमाल होने वाली चीजों में से जो आप व्रत में नहीं खाते हैं तो उसे स्किप करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN