Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- शेयर बाजार में आज गुरुवार को हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर के स्टॉक में जबरदस्त तेजी देखी गई
- बाजार में गिरावट के बावजूद आज कंपनी के शेयर 9% से अधिक चढ़ गए
Highway Infrastructure Share: शेयर बाजार में आज गुरुवार को हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर के स्टॉक में जबरदस्त तेजी देखी गई। बाजार में गिरावट के बावजूद आज कंपनी के शेयर 9% से अधिक चढ़ गए। इसी के साथ हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर आज इंट्रा डे ट्रेडिंग में लगभग 47 रुपये यानी 46.80 रुपये पर आ गए थे। बीते बुधवार को यह शेयर 42.55 रुपये पर बंद हुआ था। बता दें कि शेयरों में यह तेजी पॉजिटिव खबर के बाद देखी गई है। दरअसल, कंपनी को उत्तर प्रदेश अथॉरिटी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI से करीब 254 करोड़ रुपये के टोल ऑपरेशन से जुड़े ऑर्डर मिले हैं।
कंपनी ने दी जानकारी
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसे उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 220.66 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इसके तहत कंपनी टोल प्लाजा पर यूजर फीस की वसूली और ऑपरेशन करेगी। साथ ही, चार पेट्रोल-कम-सेफ्टी वाहनों की तैनाती की जाएगी, जिनके लिए जरूरी कर्मचारियों की व्यवस्था भी कंपनी करेगी। बता दें कि यह कॉन्ट्रैक्ट दो साल के लिए है।
क्या है डिटेल
स्टॉक एक्सचेंज पर दी गई जानकारी के मुताबिक, इस ऑर्डर के तहत पहले साल में कंपनी को 105.77 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा, जबकि दूसरे साल में इसमें 10% की बढ़ोतरी होगी। UPEIDA की इच्छा पर इस कॉन्ट्रैक्ट को 6 महीने तक आगे बढ़ाने का ऑप्शन भी है। इससे कंपनी के टोल कलेक्शन कारोबार को मजबूती मिलने और देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उसकी मौजूदगी बढ़ने की उम्मीद है।
इसके अलावा, कंपनी को NHAI से तमिलनाडु के वेलंचेट्टियूर फी प्लाजा के ऑपरेशन के लिए 24.45 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इस काम में टोल प्लाजा से जुड़ी सुविधाओं के ऑपरेट के साथ आसपास के टॉयलेट ब्लॉक्स की देखरेख और मेंटनेंस भी शामिल है। यह कॉन्ट्रैक्ट 90 दिनों के लिए है। कंपनी ने यह भी कहा कि इन दोनों ऑर्डर देने वाली कंपनियों में प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप की कोई हिस्सेदारी नहीं है। इसलिए ये कॉन्ट्रैक्ट रिलेटेड पार्टी के बीच होने वाले लेनदेन की कैटेगरी में नहीं आते हैं।
कंपनी के शेयरों के हाल
शेयर के परफॉर्मेंस की बात करें तो पिछले एक महीने में इसमें 4.82% की तेजी आई है, जबकि पिछले एक साल में यह शेयर करीब 42.21% गिर चुका है। कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई प्राइस 86.22 रुपये और 52 वीक का लो प्राइस 40.50 रुपये है। इसका मार्केट कैप 323.60 करोड़ रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




