Home rss world hindi बिजली, इंटरनेट और… यूक्रेन पर रातभर मिसाइल-ड्रोन अटैक, रूस के निशाने पर...

बिजली, इंटरनेट और… यूक्रेन पर रातभर मिसाइल-ड्रोन अटैक, रूस के निशाने पर क्या-क्या

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कीव और आसपास के इलाकों पर रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं। बिजली व्यवस्था और एक अहम इंटरनेट केंद्र को निशाना बनाने वाले इन हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई है।

रूस ने यूक्रेन पर एक बार फिर ताबड़तोड़ हमला किया है। इस बार भी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन से अटैक किया है। बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि इन हमलों में बिजली व्यवस्था और एक अहम इंटरनेट केंद्र को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक रात भर चले हमलों में कीव और उसके उत्तरी बाहरी इलाके में दो महिलाओं और एक 14 साल के बच्चे की मौत हुई।

कीव के मेयर विटाली क्लिचको ने कहा कि शहर के एक गोदाम पर हुए हमले में एक और व्यक्ति मारा गया। कीव क्षेत्र के विशहोरोद में एक निजी घर के मलबे से बच्चे का शव निकाला गया। उसी घर से तीन अन्य लोगों को बचाया गया। यह जानकारी क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने दी। अधिकारियों के अनुसार राजधानी में तीन लोगों की मौत हुई और कम से कम चार घायल हुए। शहर के पास एक और मौत की खबर है।

अगस्त से हमले तेज

बता दें कि अगस्त के अंत से रूस ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इससे यूक्रेन पर दबाव बढ़ गया है। सर्दी आने वाली है और यूक्रेन उसी की तैयारी में लगा है। ऐसे समय में रूस बार-बार ऊर्जा संयंत्रों, बिजली सबस्टेशन और संबंधित सुविधाओं पर हमला कर रहा है। मकसद यह बताया जा रहा है कि लोगों को गर्मी, बिजली और पानी मुहैया कराना मुश्किल हो जाए। बिजली कंपनी डीटीईके ने नुकसान का पूरा ब्योरा नहीं दिया, लेकिन कहा कि कर्मचारियों ने करीब 8000 घरों में बिजली बहाल कर दी।

यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार रूस ने एंटी-शिप और बैलिस्टिक मिसाइलें तथा 188 ड्रोन दागे। इनमें से पांच मिसाइलें और 155 ड्रोन रोके गए। बाकी हमले निशाने पर लगे। रूस ने हमले को स्वीकार किया। उसके रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने कीव में सेना से जुड़े डेटा सेंटर, कीव क्षेत्र के बिजली संयंत्र, ओडेसा क्षेत्र के औद्योगिक परिसर और इजमाइल बंदरगाह की सुविधाओं को निशाना बनाया। यूक्रेन ने इन दावों की पुष्टि अलग से नहीं की, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि कीव के कम से कम चार जिलों के नागरिक इलाके भी चपेट में आए।

क्या बोले जेलेंस्की?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस का मुख्य निशाना कीव और आसपास की ऊर्जा व्यवस्था है। उन्होंने इसे मुश्किल हमला बताया, क्योंकि लगातार हमलों से यूक्रेन की हवाई रक्षा पर दबाव बढ़ गया है। जेलेंस्की ने उन देशों का शुक्रिया भी अदा किया जिन्होंने हाल में हवाई रक्षा में मदद भेजी है।

बता दें कि युद्ध साढ़े चार साल से चल रहा है। यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि इतने समय बाद भी रूस लड़ाई रोकने की अमेरिकी कोशिशों में शामिल नहीं हो रहा। रूस का पक्ष यह है कि वह थोड़े समय के युद्धविराम के बजाय पूरा समझौता चाहता है। लेकिन रूस की यह मांग कि यूक्रेन अपनी जमीन छोड़ दे, कीव को मंजूर नहीं है। दोनों पक्षों के रुख अलग होने के कारण शांति की बात आगे नहीं बढ़ पा रही, जबकि हमले जारी हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN