Source :- LIVE HINDUSTAN
दुबई से इजरायल आ रहे एक वाणिज्यिक विमान को बुधवार को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतारना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए विमान के अपहरण की आशंका पैदा हो गई और इजराइल को अपने लड़ाकू विमान भेजने पड़े।
संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से इजरायल की राजधानी तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में आज (बुधवार, 30 सितंबर को) एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मार दी, जिससे विमान अचानक 37 सेकंड में लगभग 14,300 फ़ीट नीचे आ गया। उस दौरान विमान का संचालन एक भारतीय कैप्टन कर रहे थे, जिनका नाम स्मित मच्छार है। स्मित मच्छार ने न सिर्फ कॉकपिट में हुई हिंसक झड़प के दौरान अपने सह-पायलट के हमले का मुकाबला किया बल्कि हवा में तेजी से गिरते विमान को संभाला और सऊदी अरब के तबुत एयरपोर्ट पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस घटना के बाद स्मित मच्छार के हिम्मत और जज्बे की तारीफ हो रही है।
इजरायली समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया कि हमलावर सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार अपने सह-पायलट से भिड़ गए और बाद में इजरायली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में उनकी मदद की। वाईनेट के अनुसार, तबुक हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पायलट को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
कौन हैं भारत के लाल स्मित मच्छार?
फ्लाईदुबई की फ़्लाइट में चाकू से हमले का शिकार हुए पायलट कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और पहले स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं। उनके लिंक्डइन प्रोफ़ाइल के अनुसार, मच्छार जून 2022 से ही फ्लाईदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन हैं। उससे पहले उन्होंने मुंबई में स्पाइसजेट के साथ 11 साल बिताए, जहां वह सीनियर कमांडर थे। मच्छार नवंबर 2020 से लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर दूसरे पायलटों को ट्रेनिंग देते थे और उनकी जांच करते थे। प्रोफ़ाइल के अनुसार उनके पास 737-800 और 737 MAX 8 और 9 पर 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव भी है।
स्पाइसजेट में 6,400 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी
लिंक्डइन प्रोफ़ाइल से पता चलता है कि मच्छार ने डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर फ्लाईदुबई जॉइन किया था। एयरलाइंस इस तरीके का इस्तेमाल उन पायलटों को सीधे कैप्टन की सीट पर रखने के लिए करती हैं जो पहले से ही किसी दूसरी एयरलाइन में विमान उड़ा रहे होते हैं। प्रोफाइल में कहा गया है कि उन्होंने स्पाइसजेट में पायलट-इन-कमांड के तौर पर 6,400 घंटे से ज्यादा की उड़ान भरी थी और वे फ्लाईदुबई की ट्रेनिंग टीम में शामिल होना चाहते थे। मच्छार ने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में बैचलर डिग्री ली है, जिसकी अवधि जून 2007 से अप्रैल 2008 तक थी। हालांकि, उनके प्रोफाइल में यह नहीं बताया गया है कि उन्होंने विमान उड़ाने की ट्रेनिंग कहाँ से ली थी।
तबुक एयरपोर्ट ने बताया कि उन्हें स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8:44 बजे फ़्लाइट से मदद के लिए कॉल मिला था और विमान लगभग एक घंटे बाद वहाँ उतरा। फ़्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि विमान 37 सेकंड में लगभग 14,300 फीट नीचे गिरा और बाद में गैर-कानूनी दखल का ट्रांसपोंडर कोड भेजा। इस बीच, फ्लाईदुबई ने इस घटना को सिर्फ़ रास्ते में हुई एक घटना बताया है। उसके अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि विमान के अंदर क्या हुआ था। (एजेंसी इनपुट्स के साथ)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




