Source :- LIVE HINDUSTAN
Butter Chicken without Butter: वीकेंड पर कुछ खास खाने का मन है, लेकिन ज्यादा मक्खन और क्रीम से बचना चाहते हैं? तो यह बिना मक्खन वाला बटर चिकन आपके लिए एकदम सही है। स्वाद वही, लेकिन थोड़ा हल्का और ज्यादा संतुलित।
वीकेंड आते ही कुछ स्वादिष्ट और खास खाने का मन करना बिल्कुल आम बात है। ऐसे में बटर चिकन का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन कई लोग ज्यादा मक्खन और क्रीम की वजह से इसे खाने से बचते हैं। अगर आप भी उन्हीं लोगों में शामिल हैं, तो यह खास रेसिपी आपके लिए है।
इस रेसिपी में स्वाद से कोई समझौता नहीं किया गया है, लेकिन मक्खन की जगह कुछ ऐसी चीजों का इस्तेमाल किया गया है जो ग्रेवी को गाढ़ा, मलाईदार और स्वादिष्ट बनाती हैं। नतीजा, आपको मिलता है ऐसा बटर चिकन जो खाने में रेस्टोरेंट जैसा लगता है, लेकिन थोड़ा हल्का और घर पर आसानी से बनने वाला होता है।
चिकन को तैयार करने के लिए सामग्री
आधा किलो चिकन
एक कटोरी गाढ़ा दही
डेढ़ बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
एक छोटा चम्मच मिर्च का पेस्ट
एक छोटा चम्मच कश्मीरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच हल्दी
एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर
एक छोटा चम्मच नींबू का रस
स्वादानुसार नमक
ग्रेवी के लिए सामग्री
एक छोटा चम्मच तेल, एक मध्यम आकार का प्याज, टमाटर की प्यूरी, एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, मिर्च का पेस्ट, खरबूजे के बीज का पेस्ट, गरम मसाला, जीरा पाउडर, कसूरी मेथी, गर्म पानी, दही
स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
Step 1: चिकन को मेरिनेट करें
एक बड़े बर्तन में चिकन लें। इसमें दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे कम से कम आधे घंटे के लिए रख दें। समय हो तो दो घंटे तक भी रख सकते हैं।
Step 2: चिकन पकाएं
नॉन स्टिक पैन गर्म करें और उसमें मेरिनेट किया हुआ चिकन डालें। चिकन को हल्का सुनहरा और अच्छी तरह पकने तक सेकें। फिर इसे अलग निकालकर रख दें।
Step 3: ग्रेवी तैयार करें
एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें प्याज और थोड़ा नमक डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन और मिर्च का पेस्ट डालें। करीब तीस सेकंड तक चलाएं।
Step 4: मसाले और टमाटर मिलाएं
अब टमाटर की प्यूरी, गरम मसाला, जीरा पाउडर और बाकी मसाले डालें। मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा ना हो जाए और तेल अलग दिखने लगे।
Step 5: ग्रेवी को मलाईदार बनाएं
अब इसमें खरबूजे के बीज का पेस्ट और गर्म पानी डालें। पांच मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। इससे ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बन जाएगी।
Step 6: चिकन मिलाएं
तैयार चिकन को ग्रेवी में डाल दें और पांच से सात मिनट तक पकाएं ताकि सभी स्वाद अच्छी तरह मिल जाएं।
Step 7: दही और कसूरी मेथी डालें
आंच धीमी कर दें। दही में थोड़ा गर्म ग्रेवी मिलाकर उसे सामान्य तापमान पर ले आएं। अब धीरे-धीरे दही को ग्रेवी में मिलाएं। ऊपर से हाथों से मसलकर कसूरी मेथी डालें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




