Home LIFESTYLE NEWS HINDI सूजी से भी टेस्टी बनता है पके हुए केले का हलवा! 1...

सूजी से भी टेस्टी बनता है पके हुए केले का हलवा! 1 बार घी में भूनकर जरूर ट्राई करें ये रेसिपी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आपने सूजी मूंग दाल हलवा तो खूब खाया होगा, लेकिन क्या कभी केले का हलवा खाया है? सुनने में ये बेशक अजीब लगे लेकिन इतना टेस्टी बनता है कि एक बार खाने के बाद आपका दोबारा खाने का मन जरूर करेगा।

मीठे में कुछ टेस्टी सा खाने का मन करे, तो हलवे से बेस्ट ऑप्शन शायद ही कोई हो। आपने तमाम तरह के हलवे खाए होंगे- सूजी, बेसन, मूंग दाल हलवा या गाजर का हलवा भी; लेकिन क्या कभी केले का हलवा खाया है? ये सुनने में थोड़ा अटपटा जरूर लग सकता है, लेकिन यकीन मानिए खाने में बहुत ही टेस्टी लगता है। केले की प्राकृतिक मिठास की वजह से इसमें चीनी भी कम डालनी पड़ती है। हालांकि केले के हलवे की खासियत है इसका मुंह में घुल जाने वाला स्वाद और देसी घी की खुशबू। अक्सर घर में केले रखे-रखे ज्यादा पक जाते हैं, ऐसे में ये आप हलवा बनाकर ट्राई कर सकते हैं। बहुत ही सिंपल रेसिपी है और फटाफट बन भी जाती है। घरवाले कुछ मीठा खाने की डिमांड करें तो एक बार ये रेसिपी जरूर ट्राई कर के देखें, सभी को खूब पसंद आएगी।

केले का हलवा बनाने के लिए सामग्री

मुंह में घुल जाने वाला केले का स्वादिष्ट हलवा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- मीठे पके हुए केले (4), देसी घी (आधा कप), काजू (15-20), बेसन (1 कप), मिल्क पाउडर (आधा कप), चीनी (स्वादानुसार) और गार्निशिंग के लिए कटे हुए बादाम।

पके हुए केले से टेस्टी हलवा बनाने की विधि

घर में पके हुए केले रखे हैं तो उन्हें खराब होने ना दें, बल्कि ये टेस्टी सा हलवा बनाकर तैयार कर लें। इसे बनाने के लिए सबसे पहले सभी केले छील लें। अब एक कढ़ाही में देसी घी गर्म होने के लिए चढ़ाएं, फिर उसमें पके हुए केले और थोड़े से साबुत काजू एड करें। केले को किसी मैशर की मदद से मैश करते हुए देसी घी में भूनना शुरू कर दें। लगभग 5 मिनट के लिए इन्हें अच्छे से पकने दें।

अब इस मिक्सचर में एक कप बेसन एड करें और सभी चीजों को मिक्स करते हुए अच्छी तरह पका लें। बेसन को आपको 2 मिनट तक के लिए भून लेना है, ताकि ये केले के साथ अच्छी तरह मिक्स हो जाए और इसका कच्चापन भी निकल जाए। अब इसमें थोड़ा सा मिल्क पाउडर एड कर दें और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें।

मिल्क पाउडर मिलाने के तुरंत बाद हलवे में थोड़ी सी चीनी एड करें। ध्यान रहे आपको बहुत ज्यादा चीनी नहीं मिलानी है, क्योंकि केला नेचुरली मीठा होता है और मिल्क पाउडर की मिठास भी हलवे में एड हो जाएगी। इसलिए थोड़ी बहुत कम मात्रा में चीनी मिलाएं। चीनी मिलाने के बाद हलवे को लगभग 5 मिनट के लिए पका लें, ताकि सारी चीनी मेल्ट हो जाए। केले का टेस्टी हलवा बनकर तैयार है।

सर्विंग टिप- केले का हलवा सर्व करने से पहले उसपर कटे हुए बादाम डालकर गार्निश करें। आप अपने बाकी मनपसंद ड्राई फ्रूट्स भी एड कर सकते हैं। बहुत ही अच्छा टेस्ट आता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN