Home LIFESTYLE NEWS HINDI हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग क्या है? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे बच्चे...

हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग क्या है? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे बच्चे की परवरिश में ये 4 गलतियां

9
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कुछ माता-पिता बच्चों की परवरिश करते हुए उनकी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने लगते हैं, जिसे कहा जाता है हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग। आइये जानते हैं आखिर ये क्या होती है और इससे कैसे बचें?

हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा जिंदगी में खूब तरक्की करें और आगे बढ़ता रहे। इसके लिए माता-पिता हर संभव कोशिश करते हैं और उनकी जरूरतों को पूरा करते हैं। लेकिन कई बार बच्चों की देखभाल करते हुए माता-पिता उनकी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने लग जाते हैं। अगर बच्चा इसे लेकर कुछ कहता है या चिढ़ता है तो पेरेंट्स उसे समझने के बजाय डांटने लगते हैं। कई पेरेंट्स बच्चों के प्यार और चिंता में हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग करने लग जाते हैं। हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग करते हुए ज्यादातर पेरेंट्स कुछ गलतियां कर जाते हैं, जो बच्चों के लिए बाद में मुसीबत बन जाती है। आइये जानते हैं क्या होती है हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग और किन गलतियों से बचना चाहिए?

क्या होती है हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग?

हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग परवरिश का ऐसा तरीका है, जिसमें माता-पिता अपने बच्चों की जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने लगते हैं। जैसे हेलिकॉप्टर किसी एक जगह के ऊपर लगातार मंडराता रहता है, ठीक उसी तरह माता-पिता भी बच्चों की हर एक्टिविटी पर नजर रखते हैं। बच्चे का होमवर्क हो, दोस्तों के साथ कोई बात हो, स्कूल की समस्या हो या फिर रोजमर्रा के छोटे-छोटे फैसले, हेलिकॉप्टर पेरेंट्स हर मामले में खुद दखल देने लगते हैं। उन्हें लगता है कि ऐसा करके वे अपने बच्चे को हर परेशानी से बचा रहे हैं, लेकिन कई बार उनका यही व्यवहार बच्चे को खुद से फैसले लेने और समस्याओं का सामना करने से रोक देता है।

बच्चों की परवरिश में ये 4 गलतियां बिल्कुल ना करें

अगर आप भी हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग कर रहे हैं, तो रुक जाइये। साथ ही बच्चों की परवरिश में कुछ गलतियां करने से बचें। ऐसा करके आप बच्चों का भविष्य बेहतर कर सकते हैं और बच्चा भी आपके साथ अच्छा व्यवहार करेगा।

1. बच्चे को खुद फैसले लेने का मौका न देना

क्या आप तय करते हैं कि आपका बच्चा क्या पहनेगा, किसके साथ खेलेगा, कौन-सा शौक अपनाएगा और अपना खाली समय कैसे बिताएगा? अगर हां, तो हो सकता है कि आप उसकी जिंदगी को जरूरत से ज्यादा कंट्रोल कर रहे हों। बच्चों को उनकी उम्र के हिसाब से छोटे-छोटे फैसले खुद लेने देना चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी पसंद-नापसंद को समझना सीखते हैं।

2. बच्चे को हर मुश्किल और असफलता से बचाना

हर माता-पिता अपने बच्चे को दुखी या परेशान नहीं देखना चाहते। लेकिन उसे हर छोटी-बड़ी परेशानी से बचाने की कोशिश करना भी सही नहीं है। बच्चे का होमवर्क खुद पूरा कर देना, दोस्तों से झगड़ा होने पर तुरंत दखल करना या उसकी हर गलती को खुद सुधार देना उसकी सीखने की क्षमता को प्रभावित करता है। किसी गलती या हार से ही बच्चे का सही विकास होगा और वह आगे बढ़ने की कोशिश करेगा। उसका साथ दें लेकिन हर चीज को खुद से सही ना करें।

3. बच्चे की हर एक्टिविटी पर नजर रखना

बच्चे की सुरक्षा का ध्यान रखना हर माता-पिता की जिम्मेदारी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसकी हर एक्टिविटी पर लगातार नजर रखी जाए। कुछ माता-पिता बच्चों के मैसेज चेक करते हैं, हर दोस्त के बारे में पूछताछ करते हैं और बार-बार उनकी लोकेशन या अन्य जानकारी मांगते हैं। ऐसा व्यवहार बच्चों को यह महसूस करा सकता है कि माता-पिता उन पर भरोसा नहीं करते। बढ़ती उम्र के साथ बच्चों को अपनी प्राइवेसी की भी जरूरत होती है। अगर उन्हें हमेशा निगरानी में रखा जाए, तो वे अपनी बातें माता-पिता से कोई भी बात शेयर नहीं करते हैं।

4. पढ़ाई और अच्छे नंबरों को लेकर जरूरत से ज्यादा प्रेशर

हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा पढ़ाई में अच्छा करे और जिंदगी में सफल बने। लेकिन जब यह उम्मीद जरूरत से ज्यादा दबाव में बदल जाती है, तो बच्चों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। कुछ माता-पिता बच्चों के हर टेस्ट, परीक्षा और असाइनमेंट पर जरूरत से ज्यादा नजर रखते हैं। वे हमेशा अच्छे नंबर लाने की उम्मीद करते हैं और कई बार दूसरे बच्चों से उनकी तुलना भी करने लगते हैं। इससे बच्चों में स्ट्रेस, फेल होने का डर और आत्मविश्वास की कमी हो सकती है। उन्हें लगने लगता है कि माता-पिता का प्यार और तारीफ सिर्फ अच्छे नंबर लाने पर ही मिलेगी।

क्या करना चाहिए?

बच्चों की हर चीज पर कंट्रोल या फिर उनकी जिंदगी में ज्यादा दखल देने से बचें। उन्हें सही गलत समझाए लेकिन अपने फैसले खुद लेने दें और ऐसा दोस्त बनने की कोशिश करें, जिससे वह अपनी सभी बातें शेयर करें। ऐसे में बच्चा कहीं पर फंसेगा तो भी आपको पता चलेगा वरना वह डर की वजह से चीजों को छिपाने लगेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN