Home rss business hindi इस कंपनी में छंटनी की बड़ी खबर! 100 कर्मचारियों को नौकरी से...

इस कंपनी में छंटनी की बड़ी खबर! 100 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, दीवाली के बाद फिर लग सकता है झटका

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में बढ़ती लागत और कमजोर बिक्री का असर अब सैमसंग (Samsung) की भारतीय टीम पर भी दिखाई देने लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स (Samsung India Electronics) ने लागत घटाने के लिए कर्मचारियों की संख्या कम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक टीवी और होम अप्लायंसेज कारोबार से जुड़े करीब 80 से 100 अधिकारियों को नौकरी छोड़ने के लिए कहा गया है। प्रभावित कर्मचारियों में डायरेक्टर स्तर के अधिकारी, टीम लीडर, ब्रांच मैनेजर और एरिया मैनेजर शामिल बताए जा रहे हैं। कंपनी से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार की सेल्स और मार्केटिंग टीम के करीब 25% कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है, जिसमें मैनपावर एजेंसियों के जरिए काम करने वाले ऑफ-रोल कर्मचारी भी शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स सेल्स संगठन में करीब 550-600 अधिकारी हैं। पिछले कुछ दिनों से कर्मचारियों को छोटे-छोटे बैच में टर्मिनेशन लेटर दिए जा रहे हैं और कुछ कर्मचारियों को नोटिस पीरियड पूरा किए बिना ही नौकरी छोड़ने के लिए कहा गया है। कंपनी की ओर से दिए जा रहे सेवरेंस पैकेज में 3 महीने की सैलरी और हर साल की सर्विस के बदले एक अतिरिक्त महीने की सैलरी शामिल बताई गई है। इतना ही नहीं, कंपनी अपने ब्रांच नेटवर्क में भी बदलाव कर रही है। कई कार्यालयों को मर्ज किया जा रहा है, जिसमें रांची-पटना, दिल्ली-गुरुग्राम और पंजाब-चंडीगढ़ जैसे ऑफिस शामिल हैं। इससे भी कुछ पदों के खत्म होने की बात सामने आई है।

सैमसंग इंडिया (Samsung India) के कारोबार पर दबाव बढ़ने की कई वजहें हैं। सबसे बड़ी चुनौती मेमोरी चिप की कीमतों में दो गुने से ज्यादा की बढ़ोतरी और भारत में स्मार्टफोन बिक्री में गिरावट है। इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक, भारत में स्मार्टफोन की बिक्री की मात्रा सालाना आधार पर करीब 11-12% कम हुई है। सैमसंग इंडिया (Samsung India) की स्थानीय कमाई में मोबाइल फोन का योगदान करीब तीन-चौथाई है, इसलिए स्मार्टफोन बाजार में कमजोरी का सीधा असर कंपनी के कारोबार पर पड़ता है।

तीसरी बार हुई प्राइस हाइक

इसके अलावा रुपये में FY26 के दौरान करीब 10% की गिरावट ने भी इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की लागत बढ़ाई है। कंपनी ने इस महीने ही कुछ स्मार्टफोन मॉडल की कीमतों में 5-10% तक बढ़ोतरी की है। यह इस महीने तीसरी कीमत वृद्धि है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, बार-बार कीमत बढ़ने से ग्राहकों की फुटफॉल में करीब 40% की कमी आई है।

फिलहाल सैमसंग (Samsung) के स्मार्टफोन कारोबार को छंटनी से बाहर रखा गया है, क्योंकि यही भारत में कंपनी का सबसे बड़ा कारोबार है और कंपनी को त्योहारी सीजन, खासकर दिवाली के दौरान बिक्री में सुधार की उम्मीद है। गैलक्सी फोल्ड (Galaxy Fold) और फ्लिप (Flip) जैसे प्रीमियम स्मार्टफोन को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन ₹1 लाख से ज्यादा कीमत वाले फोन पूरे बाजार की मात्रा में सिर्फ करीब 4% हिस्सेदारी रखते हैं।

दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसका सैमसंग

अप्रैल-जून तिमाही में सैमसंग (Samsung) भारतीय स्मार्टफोन बाजार में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गया, जबकि Vivo पहले और Oppo दूसरे स्थान पर रहे। कंपनी का FY25 का कुल इंडियन रेवेन्यू करीब ₹1.1 लाख करोड़ रहा था और नेट प्रॉफिट ₹11,287 करोड़ था। हालांकि, अगर दिवाली के बाद बिक्री में अपेक्षित सुधार नहीं होता है, तो इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में छंटनी का दूसरा दौर भी देखने को मिल सकता है। कंपनी से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार, यह अगला दौर दिवाली के बाद हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN